अफजलगढ़। थाना क्षेत्र के गांव आनंदीपुर में युवक हिमांशु त्यागी की हत्या के मामले में अफजलगढ़ पुलिस ने तेज़ और प्रभावी कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर पूरे घटनाक्रम का खुलासा कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार के कुशल नेतृत्व, सतर्क निगरानी और सटीक रणनीति के चलते पुलिस ने हत्या में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार 22 जुलाई 2026 को आनंदीपुर निवासी सतीस कुमार पुत्र सागर सिंह ने अपने पुत्र हिमांशु त्यागी की हत्या किए जाने के संबंध में थाना अफजलगढ़ में अज्ञात के खिलाफ तहरीर दी थी। इस पर पुलिस ने मुकदमा संख्या 165/2026 धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर तत्काल जांच शुरू कर दी।reqad more:https://khabarentertainment.in/excise-department-raids-dhabas/वही अफजलगढ़ प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों, तकनीकी जांच और मुखबिर तंत्र की मदद से मामले की गहन विवेचना की। जांच के दौरान गांव आनंदीपुर निवासी आकाश (20) पुत्र नौबत सिंह, संजीव कुमार उर्फ भंडारी (29) पुत्र पूरन सिंह तथा सिद्धांत कुमार (19) पुत्र देवेंद्र की संलिप्तता सामने आई, जिसके बाद मुकदमे में धारा 3(5) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। गुरुवार को प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो डंडे भी बरामद कर लिए गए। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच की जा रही है तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। क्षेत्र में इस सनसनीखेज हत्याकांड का इतने कम समय में खुलासा होने पर पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है। प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार की सक्रिय कार्यशैली और टीम के बेहतर समन्वय से एक बार फिर अफजलगढ़ पुलिस ने गंभीर अपराधों के त्वरित खुलासे की अपनी कार्यक्षमता साबित की है। इस अवसर पर गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मृदुल कुमार, उपनिरीक्षक छविनाथ सिंह, कांस्टेबल शुलभ राणा, कांस्टेबल नितिन कुमार तथा कांस्टेबल विनश शामिल रहे।