आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश का कहर, सड़क पर गिरे पेड़ व बिजली के खंभे, आवागमन बाधित

Share
 जखनियां (गाजीपुर)। गुरुवार की सुबह क्षेत्र में आए तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया। कई स्थानों पर पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जबकि दर्जनों बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त हो गए। इससे विद्युत आपूर्ति बाधित होने के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित हुआ। सबसे अधिक नुकसान जखनियां-फद्दूपुर मार्ग पर देखने को मिला, जहां गजाधरपुर चट्टी के पास कई बड़े पेड़ सड़क पर गिर पड़े और उनके साथ बिजली के खंभे भी टूट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार तेज हवा के कारण पेड़ जड़ों समेत उखड़ गए, जिससे उनके नीचे लगे बिजली के खंभे भी क्षतिग्रस्त हो गए। परिणामस्वरूप जखनियां से फद्दूपुर जाने वाला मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। खबर लिखे जाने तक सड़क से पेड़ नहीं हटाए जा सके थे, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। कई लोग वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेने को मजबूर रहे।आंधी और बारिश का असर क्षेत्र के शैक्षणिक संस्थानों पर भी पड़ा। प्राथमिक विद्यालय बुढ़ानपुर-द्वितीय परिसर में एक बड़ा पेड़ गिरने से वहां स्थित बिजली का खंभा क्षतिग्रस्त हो गया।read more:https://pahaltoday.com/prerna-yatra-organized-on-mangal-pandey-martyrdom-day-and-bankim-chandra-chattopadhyays-death-anniversary/खंभा टूटने के कारण बिजली के तार सड़क के ऊपर झूलते रहे, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रही। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और विद्युत विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की।ग्रामीणों का कहना है कि घटना के काफी समय बाद तक विद्युत विभाग का कोई कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा था। इससे लोगों में नाराजगी देखी गई। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यदि समय रहते क्षतिग्रस्त खंभों और तारों की मरम्मत नहीं की गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इंकार नहीं किया जा सकता।क्षेत्र के कई अन्य गांवों में भी आंधी और बारिश के कारण नुकसान की खबरें हैं। कहीं पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए तो कहीं बिजली व्यवस्था ठप हो गई। किसानों को भी खेतों में नुकसान होने की आशंका है। हालांकि बारिश से भीषण गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन तेज आंधी और तूफान ने लोगों की परेशानियां बढ़ा दी हैं।स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षतिग्रस्त सड़कों को तत्काल साफ कराया जाए तथा बिजली आपूर्ति बहाल करने के लिए युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य कराया जाए, ताकि आम जनजीवन जल्द सामान्य हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *