बड़हलगंज गोरखपुर । राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन, उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा तथा गोरखपुर के जिला अध्यक्ष अनुज सिंह (सत्य प्रकाश सिंह) का शुक्रवार को विकासखंड बड़हलगंज की ग्राम पंचायत पटना स्थित पैतृक आवास पर आगमन हुआ। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों ने रात्रि विश्राम भी किया। उनके आगमन पर ग्राम पंचायत पटना सहित आसपास के क्षेत्रों के ग्राम प्रधानों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने माल्यार्पण कर उनका भव्य स्वागत और अभिनंदन किया।स्वागत समारोह में क्षेत्र के लोगों ने संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारियों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए कहा कि उनका मार्गदर्शन पंचायत प्रतिनिधियों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन के नेतृत्व में ग्राम पंचायतों के विकास एवं जनहित के कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष ललित शर्मा ने कहा कि ग्राम पंचायतें लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण इकाई हैं और ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला भी। उन्होंने सभी ग्राम प्रधानों से संगठन की मजबूती के लिए एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि पंचायतों के समग्र विकास, पारदर्शिता तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आपसी समन्वय और सक्रिय सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन ग्राम प्रधानों के अधिकारों की रक्षा के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।read more:https://pahaltoday.com/us-iran-ceasefire-a-positive-step/कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी पंचायतों के विकास, ग्रामीण समस्याओं के समाधान तथा संगठन को और सशक्त बनाने को लेकर अपने विचार रखे। समारोह का माहौल पूरे समय उत्साहपूर्ण बना रहा और ग्रामीणों ने प्रदेश अध्यक्ष एवं जिला अध्यक्ष का गर्मजोशी से स्वागत किया।इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष बैरिस्टर यादव, ग्राम प्रधान सूबेदार नगर सत्यसेन सिंह ‘मंटू’, ग्राम प्रधान मेहर प्रेम प्रकाश सिंह ‘छोटू’, पूर्व प्रधान पहाड़िया अरविंद सिंह सहित क्षेत्र के अनेक ग्राम प्रधान, जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। कार्यक्रम में राष्ट्रीय पंचायती राज ग्राम प्रधान संगठन, गोरखपुर के जिला प्रभारी हृदय शंकर सिंह की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।