गाजीपुर। कोतवाली थाना क्षेत्र के सोनहौलिया उर्फ बकुलियापुर गांव में ईंट लादने के विवाद को लेकर दबंगों द्वारा एक ही परिवार के चार भाइयों पर किए गए जानलेवा हमले का मामला प्रकाश में आया है। घटना में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें दो की हालत नाजुक बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से न्याय की गुहार लगाई है।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी मुशी चौहान पुत्र केदार चौहान ने बताया कि 17 जून 2026 की रात लगभग 10:30 बजे उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग उनकी ईंटें लादकर ले जाने का प्रयास कर रहे हैं। सूचना मिलते ही वह अपने भाइयों अमरनाथ चौहान, महावीर चौहान और लालजी चौहान के साथ मौके पर पहुंचे। वहां पहले से मौजूद रामधारी चौहान, विनोद चौहान, हरेद चौहान, मोनू चौहान, शैलेन्द्र चौहान, हरिकिशुन चौहान, मंटू चौहान समेत 7-8 अज्ञात लोगों ने कथित रूप से उन्हें घेर लिया।पीड़ित का आरोप है कि ईंट लादने का विरोध करने पर आरोपित गाली-गलौज करने लगे और पूर्व नियोजित षड्यंत्र के तहत लाठी-डंडा, हॉकी, लोहे की रॉड, पटरा, चापड़ तथा अन्य धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। इस दौरान मुशी चौहान के सिर, चेहरे और कान पर गंभीर चोटें आईं तथा उनका दाहिना जबड़ा भी टूट गया। आरोप है कि हमले के दौरान रामधारी चौहान ने साथियों को ललकारते हुए जान से मारने की बात कही, जिसके बाद सभी हमलावरों ने चारों भाइयों की बेरहमी से पिटाई की।हमले में अमरनाथ चौहान का हाथ टूट गया और वह मौके पर ही बेहोश हो गए, जबकि लालजी चौहान की कमर की हड्डी फ्रैक्चर हो गई। दोनों घायलों को गंभीर अवस्था में जिला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है। महावीर चौहान को भी गंभीर चोटें आई हैं।घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया, जिसके बाद हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। घायल मुशी चौहान ने कोतवाली थाना पहुंचकर तहरीर दी, जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुशी चौहान और महावीर चौहान का चिकित्सकीय परीक्षण भी कराया है।पीड़ित पक्ष का कहना है कि मुकदमा दर्ज होने के बावजूद आरोपित लगातार धमकियां दे रहे हैं, जिससे परिवार भय के माहौल में जीने को मजबूर है। इसी को लेकर मुशी चौहान ने पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष जांच, आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।वहीं पुलिस का कहना है कि मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है तथा सभी तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।