भदोही। थाना दुर्गागंज पुलिस ने मारपीट व फायरिंग के मामले में जेल भेजे गए अभियुक्त की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त अवैध असलहा व बम बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस कस्टडी रिमांड के दौरान अभियुक्त ने खंडहर मकान में छिपाया गया तमंचा व बम पुलिस को दिखाया। वादी की सूचना पर दुर्गागंज पुलिस ने पुरानी रंजिश में मारपीट, जान से मारने की धमकी, अवैध असलहा लहराने व फायरिंग का मुकदमा दर्ज किया था। दुर्गागंज पुलिस टीम ने घटना में शामिल 6 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।read more:https://pahaltoday.com/retired-teachers-and-shikshamitras-honored-at-baragaon-brc/
इनके कब्जे से पहले ही एक अवैध तमंचा 315 बोर, एक जिंदा कारतूस 315 बोर व 9 देशी बम बरामद किए जा चुके हैं। विवेचना के दौरान साक्ष्य संकलन के लिए न्यायालय से अनुमति लेकर पंजीकृत अभियोग से जुड़े अभियुक्त राजकुमार गिरी उर्फ बमबम गिरी पुत्र रवींद्र गिरी निवासी गोसाई का पुरा हरदुआ को आज 4 घंटे की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया गया। गहन पूछताछ व निशानदेही पर अभियुक्त ने ग्राम हरदुआ स्थित मिट्टी के खंडहर मकान में सीमेंटेड टूटी चादर के नीचे छिपाकर रखा एक देशी तमंचा 315 बोर व 2 देशी नाजायज बम बरामद कराए। बरामदगी के बाद मुकदमे में धारा 3/25 आयुध अधिनियम व 4/5 विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की बढ़ोतरी की गई है। विधिक प्रक्रिया पूर्ण कर अभियुक्त को पुनः न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजा गया।