गाजीपुर। जनपद में साइबर अपराधों की रोकथाम एवं पीड़ितों को त्वरित राहत दिलाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना नोनहरा की साइबर सेल ने सराहनीय कार्य करते हुए यूपीआई फ्रॉड के शिकार युवक की 37,200 रुपये की धनराशि वापस कराई है। पुलिस की इस कार्रवाई से आमजन में भरोसा मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीपुर निवासी विशाल गुप्ता पुत्र विनोद कुमार गुप्ता के साथ यूपीआई के माध्यम से साइबर ठगी की घटना हुई थी। घटना के तुरंत बाद पीड़ित द्वारा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत प्राप्त होते ही साइबर सेल थाना नोनहरा सक्रिय हो गई और त्वरित तकनीकी कार्रवाई शुरू की गई।read more:https://pahaltoday.com/india-shows-generosity-despite-pakistans-propaganda-against-india/
साइबर सेल की सतर्कता एवं लगातार प्रयासों के चलते विशाल गुप्ता के खाते से फ्रॉड की गई कुल 37,200 रुपये की धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी गई। धनराशि वापस मिलने पर पीड़ित ने पुलिस टीम की प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। पुलिस प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के साइबर फ्रॉड की स्थिति में तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके। बरामदगी करने वाली पुलिस टीम थानाध्यक्ष विवेक तिवारी मय हमराह, थाना नोनहरा जनपद गाजीपुर।