संचारी रोगों के खिलाफ डीएम ने संभाली कमान

Share

सोनभद्र। संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर शुरू किए गए विशेष अभियान का तीसरा चरण गुरुवार को ग्राम मारकुंडी से शुरू हुआ। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने अभियान का शुभारंभ करने के बाद औपचारिक कार्यक्रम तक सीमित रहने के बजाय गांव की गलियों में पैदल भ्रमण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर साफ-सफाई तथा बीमारी से बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया।जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि घरों के आसपास पानी का ठहराव न होने दें और नियमित रूप से साफ-सफाई रखें। डेंगू, मलेरिया समेत मच्छरजनित और जलजनित बीमारियों से बचाव के लिए घर के साथ आसपास के वातावरण को स्वच्छ रखना जरूरी है। उन्होंने बुखार अथवा बीमारी के अन्य लक्षण दिखाई देने पर स्वयं दवा लेने के बजाय तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार कराने की अपील की। जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान एक से 31 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग समेत विभिन्न विभागों की टीमें गांव-गांव पहुंचकर डेंगू, मलेरिया सहित वेक्टर एवं जलजनित रोगों से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करेंगी।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette उच्च जोखिम वाले चिन्हित गांवों में स्वच्छता, जलजमाव की रोकथाम और जनजागरूकता पर विशेष जोर रहेगा। 12 अक्टूबर से दस्तक अभियान शुरू होगा। इसके तहत आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर बुखार, कुष्ठ, क्षय रोग, फाइलेरिया और आईएलआई के संभावित मरीजों की पहचान कर उनकी सूची तैयार करेंगी। जरूरत के अनुसार मरीजों को जांच और उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा। साथ ही आभा आईडी बनाने की कार्रवाई भी की जाएगी। डीएम ने अभियान से जुड़े विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संचारी रोगों पर नियंत्रण केवल सरकारी विभागों के प्रयास से संभव नहीं है, बल्कि आमजन की सहभागिता भी जरूरी है। ग्रामीण क्षेत्रों में साफ-सफाई, जलजमाव रोकने और लोगों को जागरूक करने के कार्यों को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए। इस दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रमेश कुमार मिश्रा, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रेमनाथ, बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल पाण्डेय, खंड विकास अधिकारी लालजी शुक्ला, जिला मलेरिया अधिकारी डीएन श्रीवास्तव समेत स्वास्थ्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, आशा कार्यकर्ता और सफाईकर्मी मौजूद रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *