सोनभद्र। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड राबर्ट्सगंज स्थित प्राचीन पंचमुखी महादेव मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्वयं करीब 45 मिनट तक श्रमदान कर मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की तथा लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करते हुए जनभागीदारी का संदेश दिया।अभियान में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भी श्रमदान किया। इस दौरान मंदिर परिसर एवं आसपास से करीब 1000 किलोग्राम प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक एकत्र किया गया।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/ एकत्रित प्लास्टिक को मौके पर ही कबाड़ी को बेचने पर 2500 रुपए प्राप्त हुए। जिलाधिकारी की पहल पर यह धनराशि मंदिर के रखरखाव एवं व्यवस्थाओं के लिए मंदिर में ही समर्पित कर दी गई। स्वच्छता व्यवस्था को स्थायी बनाए रखने के लिए मंदिर परिसर में दो डस्टबिन भी स्थापित कराए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। उन्होंने लोगों से प्लास्टिक और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग कम करने तथा कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान का उद्देश्य केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वच्छता को जन-आंदोलन का रूप देना है। प्रशासन और आमजन की सामूहिक सहभागिता से ही स्वच्छ एवं सुंदर वातावरण तैयार किया जा सकता है। अभियान में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, स्थानीय कार्मिक एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।