जमीन विवाद में दंपती पर लाठी-डंडों से हमला, चार के खिलाफ मुकदमा दर्ज

Share

म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना क्षेत्र के लिलासी कला गांव में जमीन विवाद को लेकर दंपती के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि ट्रैक्टर से हो रही जोताई रोकने पहुंचे दंपती पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिसमें महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, लिलासी कला निवासी चतुरगुन प्रसाद पुत्र बेचन प्रसाद ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि गांव के चमन, राजेश, भोला तथा नवीन ने जमीन विवाद को लेकर उनके और उनकी पत्नी सुनैना देवी के साथ गाली-गलौज की। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। मारपीट में सुनैना देवी के सिर में गंभीर चोट आई। पीड़ित का कहना है कि वह विवादित भूमि पर ट्रैक्टर से हो रही जोताई रुकवाने गए थे। इसी दौरान विवाद बढ़ गया।read more:https://pahaltoday.com/the-consumer-commission-settled-the-matter-by-giving-a-cheque-of-rs-55040/ उन्होंने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपितों ने हमला कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर चारों आरोपितों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 352 एवं 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। घायल दंपती का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना उपनिरीक्षक श्रीराम यादव को सौंपी गई है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *