सहारनपुर। जनपद में कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को कथित रूप से हाउस अरेस्ट किए जाने के मुद्दे को लेकर शुक्रवार को जिला कांग्रेस अध्यक्ष संदीप सिंह राणा के नेतृत्व में पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह से पुलिस लाइन में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने इस कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए इसे तत्काल बंद कराने की मांग की। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप सिंह राणा, पूर्व विधायक सुरेंद्र कपिल और महानगर अध्यक्ष मनीष त्यागी ने एसएसपी से कहा कि सहारनपुर शांतिप्रिय जनपद है, जहां कांग्रेस हमेशा लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपने कार्यक्रम आयोजित करती रही है। उन्होंने कहा कि पिछले तीन-चार दिनों से लगातार कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने के कारण उनके दैनिक कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं।readmore:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/उन्होंने पुलिस प्रशासन से इस व्यवस्था की समीक्षा कर स्थिति को सामान्य बनाने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने एसएसपी को यह भी अवगत कराया कि जिला कांग्रेस द्वारा 25 जुलाई को बेहट में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा तथा महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन तहसील प्रशासन के माध्यम से सौंपा जाएगा। कांग्रेस नेताओं ने भरोसा दिलाया कि कार्यक्रम पूरी तरह शांतिपूर्ण रहेगा और कानून-व्यवस्था का पूरा पालन किया जाएगा। एसएसपी अभिनंदन सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद मामले की समीक्षा कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखते हुए लोकतांत्रिक गतिविधियों के संचालन पर भी आवश्यक ध्यान दिया जाएगा। प्रतिनिधिमंडल में एआईसीसी सदस्य चैधरी मुजफ्फर अली, जिला प्रवक्ता गणेश दत्त शर्मा, जिला उपाध्यक्ष (संगठन) नितिन शर्मा, सेवादल जिलाध्यक्ष इमरान कुरैशी तथा जिला सचिव मनिंदर राणा सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए जनपद में सामान्य वातावरण बनाए रखने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।