सहारनपुर। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनंदन सिंह ने रिजर्व पुलिस लाइन सभागार में स्पेशल पुलिस ऑफिसर (एसपीओ), ट्रैफिक वार्डन एवं सिविल डिफेंस सेवाकर्मियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित की। बैठक में कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। एसएसपी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के सफल संचालन में एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन और सिविल डिफेंस सेवाकर्मी पुलिस प्रशासन की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। उन्होंने सभी सेवाकर्मियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने ड्यूटी स्थलों पर पूरी सतर्कता, अनुशासन और समर्पण के साथ कार्य करें तथा पुलिस अधिकारियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखें। श्रद्धालुओं को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिक जिम्मेदारी होगी।read more:https://khabarentertainment.in/relief-rain-falls-from-the-sky-in-bhadohi-the-carpet-city/बैठक में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, भीड़ नियंत्रण, संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने कहा कि यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए सभी सेवाकर्मियों को जिम्मेदारी और सजगता के साथ अपनी ड्यूटी निभानी होगी। उन्होंने निर्देश दिए कि आमजन एवं कांवड़ यात्रियों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। किसी भी संदिग्ध गतिविधि, अफवाह या कानून-व्यवस्था से जुड़ी सूचना मिलने पर तत्काल संबंधित अधिकारी और पुलिस कंट्रोल रूम को अवगत कराया जाए, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। गोष्ठी के अंत में सभी एसपीओ, ट्रैफिक वार्डन और सिविल डिफेंस सेवाकर्मियों ने पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया। उन्होंने कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प भी व्यक्त किया।