गाजीपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत जनपद के विद्यालयों, विकास खंडों एवं ग्राम पंचायतों में विभिन्न जागरूकता एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्राथमिक विद्यालय मिर्जापुर, शिक्षा क्षेत्र सैदपुर में छात्र-छात्राओं ने तिरंगा राखी प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। बच्चों ने आकर्षक तिरंगा राखियां तैयार कर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का परिचय दिया और उन्हें क्षेत्राधिकारी सैदपुर को भेंट किया।कंपोजिट विद्यालय गठिया, मोहम्मदाबाद में राखी एवं कला प्रतियोगिता आयोजित हुई।read more:https://pahaltoday.com/sdm-holds-public-meeting-in-bambhiva-all-three-cases-resolved-on-the-spot/
जिसमें विद्यार्थियों ने चित्रकला, रंग संयोजन और तिरंगा आधारित राखियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। वहीं बहरूल ओलूम ओरिएंटल कॉलेज, बहरियाबाद में भी हर घर तिरंगा अभियान का उत्साहपूर्वक शुभारंभ हुआ। प्रधानाचार्य, शिक्षक एवं छात्र-छात्राओं ने इसमें भाग लेकर देश के प्रति निष्ठा और प्रेम का संदेश दिया।विद्यालयों के साथ ही विभिन्न ग्राम पंचायतों में भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों के माध्यम से लोगों को स्वतंत्रता दिवस पर घरों, प्रतिष्ठानों एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने तथा उसकी गरिमा बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। रचनात्मक गतिविधियों के जरिए बच्चों को राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी की भावना से जोड़ने का प्रयास किया गया। कार्यक्रमों से जिलेभर में देशभक्ति का माहौल बना हुआ है।