कानपुर देहात मुख्य विकास अधिकारी श्री विधान जायसवाल की अध्यक्षता में मंगलवार को विकास भवन सभागार में “फैमिली आईडी : एक परिवार-एक पहचान” योजनान्तर्गत जनपद की प्रगति की समीक्षा हेतु एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, पात्र परिवारों के शत-प्रतिशत पंजीकरण तथा विभागीय समन्वय के माध्यम से योजना की प्रगति को गति प्रदान करना था।read more:https://pahaltoday.com/13479-rupees-refunded-to-the-account-of-the-victim-of-cyber-fraud/
बैठक में जनपद स्तरीय अधिकारियों ने भौतिक रूप से तथा खण्ड विकास अधिकारियों, सहायक विकास अधिकारियों एवं नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से प्रतिभाग किया। समीक्षा के दौरान मुख्य विकास अधिकारी ने योजना के अंतर्गत परिवारों के पंजीकरण, सत्यापन, डेटा अद्यतन एवं लंबित प्रकरणों की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि “फैमिली आईडी : एक परिवार-एक पहचान” योजना शासन की अत्यंत महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से पात्र परिवारों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं सुगम तरीके से उपलब्ध कराया जा सकेगा। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन परिवारों का अभी तक पंजीकरण नहीं हो सका है, उन्हें चिन्हित कर विशेष अभियान चलाते हुए योजना से जोड़ा जाए। साथ ही, ग्राम पंचायत एवं नगरीय क्षेत्रों में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिक योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।बैठक में विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से उपलब्ध कराई जाए तथा तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र परिवार की पहचान सुनिश्चित कर उन्हें योजनाओं से लाभान्वित करना सभी संबंधित विभागों की सामूहिक जिम्मेदारी है। वहीं समाज कल्याण विभाग के एडीओ समाज कल्याण मुख्यालय शिव शंकर द्वारा अपने पदीय दायित्वों का निर्वाहन सही ढंग से न करने एवं लक्ष्यों की पूर्ति न करने पर उन्होंने इनका वेतन रोकते हुए चेतावनी देते हुए स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के ब्लॉक स्तर पर तैनात सभी एडीओ समाज कल्याण को भी वेतन रोकते हुए चेतावनी के साथ स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए है।बैठक के अंत में मुख्य विकास अधिकारी ने सभी अधिकारियों से समन्वित प्रयासों के साथ कार्य करने तथा योजना के लक्ष्यों को निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी न्यायिक, जिला विकास अधिकारी सुनील तिवारी, उपायुक्त श्रम रोजगार अशोक कुमार ,जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी प्रतिभा सिंह, एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।