सोनभद्र। केकराही क्षेत्र के हंसवाहिनी इंटर कॉलेज कसयां में गुरुवार को परमहंस स्वामी अड़गड़ानंद जी महाराज द्वारा रचित गीता भाष्य यथार्थ गीता पर परिचर्चा आयोजित की गई। इसमें गीता के उपदेशों के माध्यम से स्वधर्म, कर्म और साधना के महत्व पर प्रकाश डाला गया।गीता की पंक्तियों का उल्लेख करते हुए वक्ताओं ने कहा कि मनुष्य अपने स्वभाव में निहित योग्यता के अनुरूप शास्त्रसम्मत कर्म करते हुए परमसिद्धि प्राप्त कर सकता है। जिस परमात्मा से समस्त जीव-जगत की उत्पत्ति हुई है और जिससे संपूर्ण संसार व्याप्त है, उसकी अपने सहज कर्मों के माध्यम से आराधना करने से मनुष्य परम कल्याण को प्राप्त होता है। गीता जयंती समारोह समिति सोनभद्र के सदस्य एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य उमाकांत मिश्र ने कहा कि पूजा एक परमात्मा की ही करनी चाहिए। गीता के श्लोक श्रेयान्स्वधर्मो विगुणः परधर्मात्स्वनुष्ठितात्श् का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दूसरे के धर्म का अच्छी तरह पालन करने से बेहतर है कि मनुष्य अपने स्वभाव के अनुरूप कर्म करे। यही उसके परम कल्याण का मार्ग है। राजेंद्र पांडेय ने कहा कि मनुष्य को अपने स्वभाव से उत्पन्न सहज कर्म का त्याग नहीं करना चाहिए। साधना का आरंभ प्रारंभिक अवस्था से होता है और निरंतर अभ्यास से आध्यात्मिक उन्नति करते हुए एक परमात्मा की ओर बढ़ने का विधान है। अरुण पति तिवारी ने कहा कि गीता समाज और मनुष्यों के बीच किसी प्रकार का बंटवारा नहीं करती, बल्कि मानव को आध्यात्मिक उन्नति और परमात्मा की प्राप्ति का मार्ग दिखाती है। इस अवसर पर ऋषिकेश लाल, सुरेश यादव, चंद्रकांत मिश्र, संतोष कुमार, सतीश कुमार, कमलेश मौर्य, प्रमोद कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे।