राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगने को भाजपा का ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान

Share

बाराबंकी। 80वें स्वतंत्रता दिवस से पहले ‘हर घर तिरंगा-तिरंगा यात्रा’ अभियान के जरिये भाजपा ने पूरे जिले को राष्ट्रप्रेम के रंग में रंगने की तैयारी शुरू कर दी है।10 से 15 अगस्त तक चलने वाले इस अभियान से हर घर और समाज के हर वर्ग को जोड़ा जाएगा।सबसे ज्यादा जोर युवाओं को जोड़ने पर रहेगा।प्रत्येक कार्यकर्ता को न्यूनतम 50 घरों के लोगों को अभियान में शामिल करने का लक्ष्य दिया गया है। संगठन को जमीन पर जोर-शोर से अभियान चलाने के साथ इंटरनेट मीडिया पर भी इसके प्रचार-प्रसार के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को भाजपा जिला कार्यालय सभागार में संपन्न हुई कार्यशाला में बोलते हुए एमएलसी व जिला प्रभारी इं अवनीश सिंह पटेल ने कहा कि अभियान में हमारा लक्ष्य केवल पिछले वर्षों की उपलब्धियों को दोहराना नहीं है बल्कि उससे आगे बढ़ने का है।अधिक घरों तक पहुंचना है,अधिक लोगों को जोड़ना है, युवाओं की भागीदारी बढ़ानी है। ऐसा वातावरण बनाना है कि अभियान अकेले भाजपा का कार्यक्रम बनकर न रहे बल्कि पूरे समाज का अभियान बने। जिला प्रभारी ने कहा कि अभियान से जिले के प्रत्येक व्यक्ति को जोड़कर, हर घर में तिरंगा फहराने के साथ स्वतंत्रता सेनानियों व उनके परिवारों से आशीर्वाद प्राप्त करना है। युवाओं को अधिकाधिक संख्या में जोड़ना है। इसके लिए इंटरनेट मीडिया का भरपूर इस्तेमाल कर उन्हें प्रेरित करना है। जिला प्रभारी ने कहा कि अभियान के लिए जिला और मंडल स्तर पर टोलियां बनाई गई हैं। उन्होंने छह अगस्त को मंडल योजना बैठकों में कार्यक्रम बनाने के निर्देश दिए। भाजयुमो, महिला मोर्चा सहित सभी मोर्चे व प्रकोष्ठ के अगुवाई में 10 से 12 अगस्त तक प्रत्येक मंडल में तिरंगा यात्राओं का आयोजन होना है जिसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने बताया कि 13 अगस्त को सभी जिला मुख्यालय पर तिरंगा यात्रा, 14 अगस्त को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के उपलक्ष्य में मौन जुलूस निकाला जाएगा। 13 से 15 अगस्त तक प्रत्येक घर, प्रतिष्ठान व्यापारिक संस्थान व कार्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने को व्यापक जनसंपर्क और जनजागरण किए जाने के निर्देश दिये। जिला अध्यक्ष राम सिंह वर्मा ने सभी अतिथियों का स्वागत किया। पूर्व जिला अध्यक्ष संतोष सिंह ने सभी का आभार ज्ञापित किया। कार्यशाला से पहले जिला कार्यकारिणी की मासिक बैठक भी संपन्न हुई जिसमें जुलाई माह में संपन्न हुए विभिन्न अभियानों की समीक्षा की गई।इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, एससी-एसटी आयोग के प्रदेश अध्यक्ष बैजनाथ रावत, एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व विधायक शरद अवस्थी, अमरीश रावत, विजय आनंद बाजपेई, पवन सिंह रिंकू, ब्रजेश रावत, चेयरमैन आलोक तिवारी, ब्लॉक प्रमुख आरती रावत, धर्मेंद्र यादव, रामदेव सिंह, लल्लू रावत, रचना श्रीवास्तव, सरोज रावत, अलका मिश्रा, ऋचा शर्मा, मुलायम सिंह यादव, चमन सिंह पटेल, रजनीश वर्मा, इक्ष्वाकु मौर्य, आशुतोष अवस्थी, रोहित सिंह, सुशील जायसवाल, शेखर हयारण, सर्वेश अवस्थी सहित सभी मंडल अध्यक्ष, मंडल प्रभारी एवं अभियान टोली से जुड़े सभी कार्यकर्ता मौजूद रहे।
राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने लोधेश्वर महादेव धाम में की पूजा
बाराबंकी। उत्तर प्रदेश की उच्च शिक्षा राज्यमंत्री रजनी तिवारी ने शनिवार शाम रामनगर तहसील स्थित पौराणिक लोधेश्वर महादेव धाम का दौरा किया। उन्होंने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। राज्यमंत्री ने पवित्र शिवलिंग का जलाभिषेक किया और प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली के लिए प्रार्थना की। मंदिर परिसर पहुंचने पर प्रशासनिक अधिकारियों ने राज्यमंत्री का स्वागत किया। इस दौरान मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ थी और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी रामनगर आकांक्षा गुप्ता और प्रभारी निरीक्षक अरुण प्रताप सिंह भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने मंत्री को मंदिर की व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। श्रावण मास के चलते लोधेश्वर महादेव धाम में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। मंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन विशेष रूप से सतर्क था। पूजा-अर्चना के बाद राज्यमंत्री ने मंदिर परिसर का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया।
14 अगस्त को मनाया जाएगा विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस
बाराबंकी। शासन के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने बताया कि विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस 2026 का आयोजन दिनांक 14 अगस्त को जनपद में विविध कार्यक्रमों के माध्यम से किया जायेगा। कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य विशेषकर युवा पीढ़ी को विभाजन की त्रासदी के प्रति जागरूक करते हुये प्रभावित लोगों को साहस और बलिदान को श्रद्धांजलि अर्पित करना है। इस अवसर पर दिनांक 14 अगस्त को जनजागरूकता हेतु कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे, जिनमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, विश्वविद्यालय एवं सार्वजनिक संस्थानों में व्याख्यान एवं चर्चाएं आयोजित करायी जायेगी। प्रदेश के छात्र-छात्राओं को विभाजन विभीषिका स्मृति पर आधारित माईगव पोर्टल पर आयोजित राष्ट्रीय आनलाइन क्विज प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया जायेगा। विद्यालयों में भारत-पाकिस्तान विभाजन विभीषिका पर आधारित फिल्मों एवं डॉक्युमैन्ट्री का प्रदर्शन किया जायेगा एवं भारत सरकार द्वारा विभीषिका पर तैयार की गयी सामग्री आधारित प्रदर्शनियों का आयोजन किया जायेगा। उक्त कार्यक्रम में विभिन्न सरकारी एवं गैर सरकारी संगठनों आदि का सहयोग भी लिया जायेगा। इस अवसर पर विभाजन पर आधारित नाटकों का मंचन एवं विभाजन पर आधारित फिल्मों का प्रदर्शन किया जाए। नाटकों की स्क्रिप्ट एवं फिल्म को अमृत काल की वेबसाइट से प्राप्त किया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *