बिजनौर। आगामी श्रावण माह एवं शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी जसजीत कौर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों के साथ शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, यातायात प्रबंधन तथा धार्मिक आयोजनों को लेकर व्यापक चर्चा की गई।जिलाधिकारी जसजीत कौर ने कहा कि श्रावण शिवरात्रि जनपद का महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है, जिसे सभी के सहयोग और आपसी भाईचारे के साथ संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने धर्मगुरुओं से अपील की कि वे अपने अनुयायियों को शांति, सामाजिक समरसता और कानून का पालन करने के लिए प्रेरित करें। साथ ही किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न देने तथा संदिग्ध गतिविधियों की तत्काल प्रशासन एवं पुलिस को सूचना देने का आग्रह किया।read more:https://khabarentertainment.in/cunning-man-arrested-for-pressuring-woman-into-marriage-through-blackmail/उन्होंने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शासन की गाइडलाइन का पूर्ण पालन किया जाए तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए। धार्मिक आयोजनों का संचालन निर्धारित नियमों एवं आपसी समन्वय के साथ किया जाए। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि धर्मगुरुओं एवं आयोजकों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए।बैठक में पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने कहा कि श्रावण शिवरात्रि के दौरान जनपद पुलिस पूरी तरह सतर्क रहेगी। कांवड़ मार्गों, प्रमुख शिवालयों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी और भ्रामक अथवा आपत्तिजनक पोस्ट प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना क्षेत्रों की कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संवेदनशील स्थलों, कांवड़ मार्गों और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।बैठक में उपस्थित धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का आश्वासन देते हुए श्रावण शिवरात्रि पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का संकल्प दोहराया।इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रणविजय सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) अंशिका दीक्षित, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं एसडीएम सदर स्मृति मिश्रा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कौशलेंद्र सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, धर्मगुरु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।