भदोही। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पावन नगरी अयोध्या से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं और महिला कल्याण विभाग के लाभार्थियों के सम्मान व नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का सजीव प्रसारण को कलेक्ट्रेट सभागार में देखा-सुना गया। कार्यक्रम में सांसद डॉ.विनोद कुमार बिंद, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, विधायक ज्ञानपुर विपुल दुबे, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र और डीएम शैलेश कुमार उपस्थित रहे। अयोध्या में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में प्रदेश भर की नव नियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र दिए गए और उत्कृष्ट कार्य करने वाली कार्यकत्रियों को सम्मानित किया गया। सीएम ने कहा कि मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल शिक्षा में आंगनबाड़ी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। सरकार ने कार्यकत्रियों का मानदेय 8 हजार से बढ़ाकर 12 हजार और सहायिका का 4 हजार से बढ़ाकर 6 हजार रुपए प्रतिमाह कर दिया है। मिनी आंगनबाड़ी कार्यकत्री का मानदेय 6 हजार से बढ़ाकर 8 हजार किया गया है। इसके साथ ही सभी को आयुष्मान भारत के तहत कैशलेस इलाज, साल में 3 साड़ी के लिए 1500 रुपए सीधे खाते में और मोबाइल रिचार्ज के लिए 1000 रुपए की सुविधा मिलेगी। सरकार ने 1 लाख 28 हजार कार्यकत्रियों को स्मार्टफोन देने का लक्ष्य भी रखा है।read more:https://pahaltoday.com/ballia-police-receive-two-modern-interceptor-bikes-sp-omvir-singh-flags-them-off/ डीएम ने बताया कि जनपद में 1492 आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। पोषण ट्रैकर ऐप पर 1,28,071 लाभार्थी पंजीकृत हैं, जिनमें से 1,26,770 (लगभग 99%) को पुष्टाहार दिया जा रहा है। 99% से अधिक बच्चों का वजन मापन और 95% से अधिक गृह भेंट का कार्य पूरा किया जा रहा है।कुपोषण में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। वर्ष 2024 में सैम-मैम बच्चों की संख्या 72,469 थी जो 2026 में घटकर 43,347 और वर्तमान में मात्र 1,620 रह गई है। यह भदोही के लिए बड़ी उपलब्धि है। सांसद विनोद बिंद ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का माध्यम हैं। मानदेय वृद्धि उनके समर्पण का सम्मान है। विधायक विपुल दुबे और जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र ने सभी नव नियुक्त कार्यकत्रियों से कुपोषण मुक्त समाज बनाने में योगदान देने की अपील की। कलेक्ट्रेट में उत्कृष्ट आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बच्चों का अन्नप्राशन, गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और पोषण स्टॉल भी लगाया गया। सभी जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने राष्ट्रीय पोषण शपथ ली और महिला सशक्तिकरण हस्ताक्षर अभियान में भाग लिया। इसी तरह औराई ब्लॉक में विधायक दीनानाथ भास्कर और सुरियावां में पूर्व विधायक रविंद्रनाथ त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्मान समारोह आयोजित हुए, जहां नव नियुक्त कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र बांटे गए।इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी दिनेश त्रिपाठी, शत्रुध्न कन्नौजिया सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां मौजूद रहीं।