बाराबंकी। दरियाबाद विधानसभा क्षेत्र के गुलचप्पा कलां गांव में दीवार गिरने से हुई दुर्घटना में मृत दो बच्चों के परिजनों को राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने सहायता राशि के चेक वितरित किए। शनिवार को राज्यमंत्री ने दैवीय आपदा कोष से प्रत्येक मृतक के परिजन को चार-चार लाख रुपये के चेक सौंपे। यह हादसा गुरुवार को गुलचप्पा कलां गांव में हुआ था, जब एक जर्जर दीवार गांव के रास्ते पर गिर गई थी। इसकी चपेट में पांच बच्चे आ गए थे। हादसे में मुस्लिम के सात वर्षीय पुत्र हुजैफा और 14 वर्षीय पुत्री हाजरा बानो की मौत हो गई थी। हुजैफा की मौके पर ही मृत्यु हो गई थी, जबकि हाजरा बानो ने बनीकोडर सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette इस दुर्घटना में सलमान के आठ वर्षीय पुत्र हस्सान, चार वर्षीय पुत्री हानिया और अब्दुल मन्नान के 14 वर्षीय पुत्र मो. अदनान घायल हो गए थे। शुक्रवार को राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त की थी। शनिवार को राज्यमंत्री ने नई सड़क स्थित अपने आवास पर मृत बच्चों के परिजनों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने जिलाधिकारी को निर्देश दिए है कि जर्जर भवनों को चिन्हित करके कार्रवाई की जाए। इससे घटना की पुनरावृत्ति अब न हो। आगे किसी भी प्रकार की लापरवाही को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस दौरान नायब तहसीलदार सुधाकर पाण्डेय, हल्का लेखपाल बृजेश अवस्थी, ग्राम प्रधान हामिद अंसारी, महेश गुप्ता, इबादुर्रहमान और मथुरा प्रसाद सहित अन्य लोग मौजूद रहे।