वृद्धजन दिवस पर आश्रम में सेवा और संवेदना का संदेश, एलपीजीसीएल ने सीएसआर के तहत भेंट किए दस एयर कूलर

Share
ललितपुर। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर गुरुवार को ललितपुर वृद्धावस्था आश्रम परिसर में गरिमापूर्ण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सिविल जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण देवप्रिय सारस्वत रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।इस अवसर पर ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड (एलपीजीसीएल) की ओर से वृद्धजनों की सुविधा एवं सेवार्थ करीब दो लाख रुपये की लागत के दस एयर कूलर वृद्धावस्था आश्रम को भेंट किए गए। यह सहयोग जिलाधिकारी सत्यप्रकाश के मार्गदर्शन में सीएसआर (कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व) के तहत प्रदान किया गया।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के वाइस प्रेसिडेंट राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस हम सभी के लिए चिंतन का दिन है। जिस भारत ने हजारों वर्ष पहले ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का सिद्धांत दुनिया को दिया और जहां हमारे ग्रंथों, पुराणों तथा संस्कारों में वृद्धजनों की सेवा एवं सम्मान का संदेश मिलता है, उसी महान देश में ऐसी परिस्थितियां पैदा होना चिंता का विषय है कि अनेक बुजुर्गों को निराश्रित होकर वृद्धाश्रम का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वृद्धजन परिवार और समाज की अमूल्य धरोहर हैं। उनके जीवन का अनुभव आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक है। समाज को बुजुर्गों को केवल जिम्मेदारी के रूप में नहीं, बल्कि अपने अनुभव और संस्कारों की विरासत के रूप में देखना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से वृद्धजनों की सेवा, सम्मान और उनकी आवश्यकताओं के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।मुख्य अतिथि देवप्रिय सारस्वत, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने कहा कि समाज में बुजुर्गों का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/जब हम किसी समस्या या मामले के निष्कर्ष तक नहीं पहुंच पाते, तब बुजुर्गों का अनुभव और जीवन का तजुर्बा हमारा मार्गदर्शन करता है। उन्होंने कहा कि वृद्धजनों की सेवा केवल हमारा दायित्व नहीं, बल्कि ऐसा पुण्य कार्य है, जिससे मनुष्य को आत्मिक संतोष और सच्चे सुख की अनुभूति होती है। बुजुर्गों के अनुभव और आशीर्वाद समाज की अमूल्य पूंजी हैं।नगर पालिका परिषद ललितपुर की अध्यक्ष सोनाली जैन ने कहा कि वृद्धावस्था आश्रम से जुड़े प्रत्येक कार्य को प्राथमिकता के आधार पर संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों की सेवा और सम्मान पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से वृद्धजनों के साथ आत्मीय व्यवहार करने और उनकी आवश्यकताओं में सहयोग करने की अपील की।इस अवसर पर ललितपुर पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के सीएसआर हेड राजेन्द्र सिंह ने भी वृद्धजनों की सेवा और सामाजिक सरोकारों में संस्थाओं की भूमिका पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के प्रति संवेदनशीलता ही सामाजिक उत्तरदायित्व की सार्थकता है।कार्यक्रम को वरिष्ठ पत्रकार राजीव शुक्ला, प्रमोद पटैरिया एवं उमाकांत सुड़ेले ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने कहा कि बुजुर्गों के अनुभव और जीवन मूल्यों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने वृद्धजनों के सम्मान और उनकी आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए समाज के सभी वर्गों को आगे आने का आह्वान किया।कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने वृद्धावस्था आश्रम में निवासरत बुजुर्गों से आत्मीय संवाद कर उनका हालचाल जाना तथा उनकी आवश्यकताओं के बारे में जानकारी ली। एलपीजीसीएल द्वारा उपलब्ध कराए गए दस एयर कूलर वृद्धजनों को समर्पित किए गए। इस सहयोग के लिए आश्रम प्रबंधन ने कंपनी के प्रति आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का संचालन वृद्धाश्रम प्रबंधक दामोदर शर्मा ने किया। इस अवसर पर संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *