सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक प्रबंध किए हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान के निर्देश पर पूरे कांवड़ मार्ग को तीन सुपर जोन में विभाजित करते हुए सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं की निगरानी के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था लागू की गई है। अधिकारियों की 24 घंटे तैनाती के साथ कंट्रोल रूम भी सक्रिय कर दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार संपूर्ण कांवड़ मार्ग को 03 सुपर जोन में विभाजित किया गया है। प्रत्येक सुपर जोन की निगरानी के लिए सुपर जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। इसके अलावा 11 जोनल मजिस्ट्रेट तथा 23 सेक्टरों में 69 सेक्टर मजिस्ट्रेट तीन-तीन शिफ्टों में लगातार ड्यूटी पर तैनात रहेंगे, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। श्रद्धालुओं की सुविधा और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए चार कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं, जहां 54 अधिकारियों और कर्मचारियों की तीन शिफ्टों में 24 घंटे ड्यूटी लगाई गई है। इन कंट्रोल रूम के माध्यम से कांवड़ यात्रा से जुड़ी प्रत्येक गतिविधि पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/जनपद के 12 प्रमुख शिव मंदिरों पर जलाभिषेक के दौरान भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए 14 मजिस्ट्रेटों की विशेष तैनाती की गई है। वहीं नगर निगम, नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा कांवड़ मार्ग पर पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था की गई है, जिनकी नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के लिए कर्मचारियों को लगाया गया है। रात्रिकालीन आवागमन को सुरक्षित बनाने के लिए कांवड़ मार्ग पर स्ट्रीट लाइट और जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा यात्रा मार्ग पर स्थित लगभग 148 ढाबों, रेस्टोरेंट और होटलों को चिन्हित कर वहां फूड सेफ्टी कनेक्ट एप और रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से चस्पा कराई गई है। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा इन प्रतिष्ठानों पर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित जांच भी की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात और जनसुविधाओं से संबंधित सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी समस्या का तत्काल समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि शिवभक्तों की यात्रा सुरक्षित, सुगम और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।