सहारनपुर। कांवड़ यात्रा-2026 के दौरान शिवभक्तों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए पंचायतीराज विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान के निर्देश पर कांवड़ यात्रा मार्ग पर साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था और अन्य जनसुविधाओं की व्यवस्था युद्धस्तर पर की गई है। अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी की जा रही है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। जिला पंचायत राज अधिकारी प्रदीप कुमार द्विवेदी ने बताया कि कांवड़ मार्ग पर व्यवस्थाओं के प्रभावी संचालन के लिए 10 सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि 40 ग्राम पंचायत सचिवों की विभिन्न मार्गों और शिविर स्थलों पर ड्यूटी लगाई गई है। ये अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्थाओं की निगरानी और समन्वय का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि कांवड़ मार्ग और शिविर स्थलों पर चैबीसों घंटे स्वच्छता बनाए रखने के लिए 685 सफाई कर्मियों को तीन शिफ्टों में तैनात किया गया है।read more:https://pahaltoday.com/manveer-singh-arrested-near-nepal-border-sent-to-punjab-under-tight-security/इसके अलावा 35 सामुदायिक शौचालयों पर दो-दो सफाई कर्मियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है। सभी शौचालयों की रंगाई-पुताई, मरम्मत और प्रकाश व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कांवड़ मार्ग और शिविर स्थलों पर 80 डस्टबिन स्थापित किए गए हैं। वहीं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 89 हैंडपंपों की मरम्मत कर उन्हें सुचारु रूप से संचालित कराया गया है। जिन स्थानों पर पहले पर्याप्त रोशनी नहीं थी, वहां ग्राम पंचायतों के माध्यम से करीब 45 किलोमीटर कांवड़ मार्ग पर अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था कराई गई है, जिससे रात्रि के समय भी श्रद्धालुओं का आवागमन सुरक्षित बना रहे। जिलाधिकारी अरविंद कुमार चैहान ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि कांवड़ यात्रा की समाप्ति तक सभी व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा और सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की शिकायत मिलने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि जनपद से होकर गुजरने वाले प्रत्येक शिवभक्त को स्वच्छ, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके तथा कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण और सकुशल संपन्न हो।