सोनभद्र। लोक आस्था के महापर्व छठ को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने चोपन स्थित सोन नदी छठ घाट पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने पर्व से पहले घाटों पर सभी जरूरी व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने घाटों की साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, दिशा-सूचक बोर्ड लगाने और नदी किनारे बैरिकेडिंग कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए प्रशिक्षित गोताखोरों की तैनाती और पर्याप्त नावों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे व्रतियों और श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो। वहीं, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि जिले के प्रमुख छठ घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती होगी। इसके अलावा सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे। भीड़ नियंत्रण और महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय बनाकर व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ महापर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, स्वच्छता और सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता रहेगी।