शिवद्वार में सजा लोक संस्कृति का मंच, 45वें शिवशक्ति महोत्सव में कलाकारों ने बांधा समां

Share

सोनभद्र। शिवशक्ति लोक संगीत रंगमंच के तत्वावधान में सोमवार की शाम शिवद्वार में 45वें वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया गया। लोकगीत, संगीत और पारंपरिक नृत्यों से सजी महफिल देर सुबह तक चलती रही। इस दौरान लोक कलाकारों ने करमा, नटुआ और कोलदहकी जैसी पारंपरिक एवं विलुप्त होती लोक कलाओं की जीवंत प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी।महोत्सव के दौरान तीन सम्मान समारोह आयोजित किए गए। भोजपुरी कवि सम्राट मुंशी मंगल लाल चिर स्मृति सम्मान से सोहन लाल मौर्य तथा सिद्ध संत पंडित शीतला प्रसाद शुक्ल चिर स्मृति सम्मान से रामलाल को सम्मानित किया गया। वहीं, साहित्यकार एवं पत्रकार डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव पुष्कर को पत्रकारिता के 40 वर्ष और साहित्य सेवा के पांच दशक पूरे करने के उपलक्ष्य में बाबू विष्णु राव पराणकर सम्मान से अलंकृत किया गया।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/सम्मानित विभूतियों को अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पंडित रामनिवास शुक्ल ने की। मुख्य अतिथि संजय यादव तथा विशिष्ट अतिथि जिला पंचायत सदस्य नीरज कुमार श्रीवास्तव एवं डॉ. लोकपति पटेल रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष मुन्नर यादव और डॉ. परमेश्वर दयाल श्रीवास्तव ने अतिथियों को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में अवनीश यादव, राजू यादव, राजेंद्र प्रसाद मौर्य, कमलेश पाल, दीनानाथ, गीता रानी, राजकुमारी, संतोष, राजेंद्र पटेल, कमलेश विश्वकर्मा, हीरापति यादव, सोहन लाल मौर्य, लल्लू भारतीय, विनोद चैरसिया, बालेश्वर यादव, श्यामदेव संदल और दयाराम प्रजापति सहित अन्य कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया। विशेष रूप से पारंपरिक नृत्य शैलियों की प्रस्तुतियों ने लोक संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *