सोनभद्र। रिजर्व पुलिस लाइन चुर्क में मंगलवार को आयोजित साप्ताहिक परेड का अपर पुलिस अधीक्ष ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल ने सलामी लेकर निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों में अनुशासन, शारीरिक दक्षता और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल एवं दौड़ कराई गई। साथ ही शस्त्रों के संचालन और रखरखाव को लेकर प्रशिक्षण एवं अभ्यास भी कराया गया।परेड के दौरान एएसपी ऑपरेशन ने पुलिसकर्मियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ रहने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी जनसेवा और कानून-व्यवस्था से जुड़े दायित्वों का निर्वहन पूरी तत्परता से करें।read more:https://pahaltoday.com/district-magistrate-holds-meeting-of-the-district-drinking-water-and-sanitation-mission-issues-directives/ इसके बाद उन्होंने यूपी-112 और विभिन्न थानों से आए पुलिस वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान वाहनों की तकनीकी स्थिति, साफ-सफाई और रखरखाव के साथ वायरलेस सेट, दंगा नियंत्रण उपकरण, प्राथमिक उपचार किट एवं अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता और कार्यशीलता परखी गई। संबंधित पुलिसकर्मियों को वाहनों और उपकरणों को हमेशा दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए, ताकि आपात स्थिति में त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सके। निरीक्षण के क्रम में परिवहन शाखा, क्वार्टर गार्द, स्टोर, मेस, गैस गोदाम, बैरक और पुलिस लाइन परिसर की व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। एएसपी ने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और अभिलेखों के रखरखाव को बेहतर बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।