कोतवाली कायमगंज क्षेत्र में बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके को झकझोर कर रख दिया। कायमगंज-अलीगंज मार्ग पर स्थित ग्राम ब्राहिमपुर के समीप तेज रफ्तार रोडवेज बस ने एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान ग्राम पैथान खुर्द बुजुर्ग निवासी रौनक (25) पुत्र आत्माराम के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस की सहायता से सीएचसी कायमगंज भेजा, जहां डॉ. विपिन सिंह ने परीक्षण के उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
read more:https://pahaltoday.com/mohsina-kidwai-was-a-leading-leader-in-the-countrys-politics-rajnath/
बताया जा रहा है कि रौनक दिल्ली में निजी नौकरी करता था और लगभग डेढ़ माह पूर्व ही अपने घर आया था। बुधवार सुबह वह टहलने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन वह ब्राहिमपुर क्षेत्र तक कैसे पहुंचा, यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना के बाद बस चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। इसको लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश व्याप्त है और सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठ रहे हैं। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन अस्पताल पहुंच गए, जहां पिता आत्माराम, भाई रवि व सुधीर तथा बहन रानी व कोमल का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मृतक युवक की माँ का पहले ही निधन हो चुका है । अब अचानक घटी इस हृदय विदारक घटना से एक बार फिर परिवार पर दुखों: का कहर टूट पड़ा है । जहां परिवार में लोगों के आंसू थम नहीं रहे हैं वहीं पूरे क्षेत्र में शोक व्याप्त हो गया है ।