बहराइच ( पयागपुर तहसील )l ज्येष्ठ मास के प्रथम मंगलवार, जिसे ‘बड़ा मंगल’ के रूप में मनाया जाता है, के अवसर पर पयागपुर क्षेत्र पूरी तरह भक्ति में डूबा नजर आया। बजरंगबली के जयकारों से वातावरण गूंज उठा और मंदिरों से लेकर बाजारों तक धार्मिक आयोजनों की धूम रही।read more:https://khabarentertainment.in/patriotic-songs-echoed-in-mushaira-and-kavi-mahotsav/
सुबह से ही विभिन्न मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर अखंड रामायण एवं सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने हनुमान चालीसा का सामूहिक पाठ कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।भूपगंज बाजार स्थित पंचायती मंदिर में दीनू माहेश्वरी के संयोजन में विशेष पूजा-अर्चना और अनुष्ठान संपन्न हुए। इसके अलावा बस स्टॉप और कोट बाजार सहित कई स्थानों पर भी भव्य धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। ध्वनि विस्तारक यंत्रों पर गूंजते हनुमान भजनों ने पूरे नगर को राममय बना दिया।भक्ति के साथ सेवा भाव का भी अद्भुत संगम देखने को मिला। शिवदहा, बाबा बागेश्वरनाथ चौराहा और रेलवे स्टेशन सहित विभिन्न स्थानों पर विशाल भंडारों का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं और राहगीरों को प्रसाद एवं जलपान वितरित किया गया।दिन चढ़ने के साथ भंडारों में भीड़ बढ़ती गई और देर शाम तक प्रसाद वितरण का सिलसिला चलता रहा। रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप जैसे स्थानों पर यात्रियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। स्थानीय युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए राहगीरों को रोककर आदरपूर्वक जलपान कराया, जो सेवा और सामाजिक सौहार्द की मिसाल बन गया।क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों और व्यापारियों की सक्रिय भागीदारी से आयोजन और भी सफल रहा। बड़े मंगल के अवसर पर पयागपुर में उमड़ी आस्था और सेवा की यह तस्वीर पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही।