पैसेंजर ट्रेन से गिरकर ग्राम पंचायत अधिकारी की दर्दनाक मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

Share
बैठक में शामिल होने जखनिया आ रहे थे अंगद राम, वाराणसी के पास हुआ हादसा
गाजीपुर जखनियां : स्थानीय विकास खंड जखनिया के अंतर्गत कार्यरत ग्राम पंचायत अधिकारी अंगद राम की सोमवार को दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। वह वाराणसी से जखनिया कार्यालय वापस आते समय पैसेंजर ट्रेन से गिर गए, जिससे उनके पैर, सीने और सिर में गंभीर चोटें आईं और वह घटनास्थल पर लहूलुहान अवस्था में पड़े रहे। बताया जा रहा है कि राहगीरों की नजर पड़ने पर उन्हें तत्काल वाराणसी के संदहां स्थित नरपतपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने इलाज के दौरान उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। अंगद राम लगभग एक वर्ष पूर्व सादात ब्लॉक से स्थानांतरित होकर जखनिया आए थे और वर्तमान में विकासखंड के धर्मागतपुर कोठिया गांव का कार्यभार देख रहे थे। सोमवार सुबह जखनिया ब्लॉक मुख्यालय पर आयोजित बैठक में भाग लेने के लिए वह सारनाथ से पैसेंजर ट्रेन द्वारा आ रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।वे मूल रूप से सादात ब्लॉक के रायपुर पलिवार गांव के निवासी थे और वर्तमान में सारनाथ में अपना मकान बनाकर परिवार के साथ रह रहे थे। उनके परिवार में पत्नी आशीष बाला उर्फ गुड़िया, एक पुत्र अमृतेश तथा तीन पुत्रियां श्रेया, अर्पणा और जानवी हैं।घटना की जानकारी मिलते ही जखनिया ब्लॉक के कर्मचारी व अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। वहीं परिवार में कोहराम मच गया है और पत्नी व बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *