गाजीपुर। नंदगंज थाना क्षेत्र में छठ पर्व के दौरान बंद घरों का ताला तोड़कर चोरी करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने घटना के 72 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की शत-प्रतिशत संपत्ति बरामद करने का दावा किया है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के अनुसार, छठ पर्व के दौरान कुछ परिवार घरों में ताला बंद कर पूजा करने घाट पर गए थे। इसी दौरान चोरों ने नंदगंज थाना क्षेत्र के तीन घरों का ताला तोड़कर नकदी और आभूषण चोरी कर लिए थे। इस मामले में थाना नंदगंज में मुकदमा संख्या 361/2026 धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत 19 नवंबर को उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने ग्राम कुसुम्ही कलां पोखरा स्थित कूड़ाघर के पास से तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम (20), रोहित कुमार पुत्र अवधेश नारायण राम (23) और आशीष कुमार पुत्र अरुण कुमार (19), निवासी ग्राम धरवां थाना नंदगंज, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 30 हजार रुपये नकद, तीन मंगलसूत्र के लॉकेट, दो जोड़ी कान के टप्स, दो जोड़ी झुमके, एक जोड़ी झाला, एक छोटा हार, दो सोने जैसी पीली धातु की सिकड़ी, तीन अंगूठियां, सात गुरिया, चार जोड़ी पायल, दो मल्टीमीडिया मोबाइल फोन तथा घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद आभूषणों की अनुमानित कीमत करीब पांच लाख रुपये बताई गई है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आशीष कुमार पुत्र रविन्द्र राम के विरुद्ध नंदगंज थाने में पहले से भी चोरी के दो मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष अतुल कुमार मिश्र और उपनिरीक्षक हरीश चंद्र सिंह पुलिस बल के साथ शामिल रहे। पुलिस आरोपियों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।