लखनऊ। बाल दिवस के अवसर पर 14 नवंबर को इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला में विद्यार्थियों और आमजन के लिए विशेष शैक्षिक एवं वैज्ञानिक जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन में करीब 4000 से 4500 विद्यार्थियों एवं दर्शकों के पहुंचने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में लोगों के आने को लेकर नक्षत्रशाला में विशेष तैयारियां की जा रही हैं।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में विज्ञान और खगोल विज्ञान के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ उन्हें वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। इस अवसर पर भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के सहयोग से निःशुल्क आधार शिविर भी लगाया जाएगा। शिविर में विद्यार्थियों को आधार से जुड़ी आवश्यक सेवाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।बाल दिवस के विशेष आयोजन में सूर्यदर्शन कार्यक्रम, खगोलीय प्रश्नोत्तरी, पेंटिंग प्रतियोगिता सहित विभिन्न विज्ञान आधारित रोचक गतिविधियां आयोजित होंगी। इन सभी गतिविधियों में भाग लेना पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को सौरमंडल, अंतरिक्ष विज्ञान, खगोलीय घटनाओं और वैज्ञानिक अवधारणाओं की जानकारी मनोरंजक एवं सहभागितापूर्ण तरीके से दी जाएगी।नक्षत्रशाला प्रशासन के अनुसार सामान्य दिनों में यहां प्रतिदिन औसतन 400 से 600 दर्शक पहुंचते हैं, जबकि विशेष अवसरों पर यह संख्या करीब 1000 तक रहती है। लेकिन बाल दिवस पर 4000 से 4500 लोगों के पहुंचने का अनुमान है।गौरतलब है कि इंदिरा गांधी नक्षत्रशाला विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत संचालित एक प्रमुख विज्ञान संचार और खगोल विज्ञान जागरूकता केंद्र है। यहां समय-समय पर विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए शैक्षिक और जनोपयोगी कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। बाल दिवस पर होने वाला यह आयोजन बच्चों को विज्ञान से जोड़ने और उनकी प्रतिभा को नया मंच देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।