अब घर बैठे बनेगा पेंशनरों का डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र, कोषागार में एक माह तक निःशुल्क शिविर

Share

गाजीपुर । जिले के हजारों पेंशनभोगियों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें सालाना जीवन प्रमाणपत्र जमा करने के लिए कोषागार और बैंकों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। पेंशनर अपने स्मार्टफोन के माध्यम से घर बैठे ही डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाकर जमा कर सकेंगे। इसके लिए शासन की ओर से एक से 30 नवंबर 2026 तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 संचालित किया जा रहा है।इसी क्रम में वरिष्ठ कोषाधिकारी मंगलेश सिंह पालीवाल की अध्यक्षता में पेंशनर संघ के अध्यक्ष एवं मंत्रीगण के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में पेंशनरों को डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने और जमा करने की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई। वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनरों की सुविधा के लिए वरिष्ठ कोषाधिकारी कार्यालय में एक माह तक निःशुल्क शिविर लगाया गया है। इस शिविर में विशेष रूप से उन बुजुर्ग पेंशनरों की सहायता की जाएगी, जिन्हें मोबाइल ऐप और डिजिटल प्रक्रिया की तकनीकी जानकारी नहीं है।उन्होंने बताया कि गाजीपुर कोषागार से उत्तर प्रदेश सरकार के विभिन्न विभागों तथा अन्य प्रदेशों के करीब 25 हजार पेंशनभोगी जुड़े हुए हैं। इसके अतिरिक्त केंद्र सरकार के विभागों और कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) के भी हजारों पेंशनर जनपद में हैं। सभी पेंशनरों को वर्ष में एक बार अपना जीवित होने का प्रमाण देना अनिवार्य होता है, ताकि उनकी पेंशन निर्बाध रूप से जारी रह सके।वरिष्ठ कोषाधिकारी ने बताया कि पेंशनर बैंक, डाकघर और जनसेवा केंद्र के माध्यम से भी डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर सकते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन की मदद से स्वयं भी यह प्रक्रिया पूरी की जा सकती है। शासन का उद्देश्य अधिक से अधिक पेंशनरों को डिजिटल सुविधा से जोड़कर उनकी परेशानी कम करना है।

read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette

ऐसे बनाएं घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र

डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र बनाने के लिए पेंशनर या उनके परिवार का कोई सदस्य सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर से आधार फेस आईडी और जीवन प्रमाण ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद जीवन प्रमाण ऐप खोलकर ऑपरेटर के रूप में आधार नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करें। फिर पेंशनर का नाम, पीपीओ नंबर, बैंक खाता संख्या और पेंशन स्वीकृति प्राधिकारी का नाम दर्ज करना होगा।इसके बाद मोबाइल का फ्रंट कैमरा चालू कर ऐप पर दिए गए निर्देशों के अनुसार चेहरे को स्कैन कराना होगा। पहचान की प्रक्रिया सफल होने पर स्क्रीन पर सफलता का संदेश दिखाई देगा। इसके बाद मोबाइल पर जीवन प्रमाणपत्र आईडी का एसएमएस प्राप्त होगा। इस आईडी के माध्यम से प्रमाणपत्र पोर्टल से डाउनलोड किया जा सकेगा।कोषागार प्रशासन ने पेंशनरों से अपील की है कि वे निर्धारित समय के भीतर अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा कर दें, जिससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *