नहरों की सिल्ट सफाई 30 नवंबर तक होगी पूरी, दिसंबर के प्रथम सप्ताह से छोड़ा जाएगा पानी 

Share
कांठ। सिंचाई खंड मुरादाबाद की मासिक बैठक शुक्रवार को मंडल कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग, उत्तर प्रदेश शासन के उपाध्यक्ष मास्टर धर्मपाल सिंह बिश्नोई ने की, जबकि संचालन प्रमोद कुमार ने किया। बैठक में नहरों की सिल्ट सफाई, नलकूपों के संचालन और किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने सहित विभिन्न बिंदुओं पर समीक्षा की गई।बैठक में पुराने कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिकांश कार्य पूरे होने पर संतोष व्यक्त किया गया। हालांकि 78 एजी नलकूप पर लगाए जाने वाले दो कुलावे का कार्य लंबित मिलने पर अध्यक्ष ने नाराजगी जताई और एक माह के भीतर कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। इस पर अधिशासी अभियंता नीरज कुमार गुप्ता ने 15 दिनों के अंदर दोनों कुलावे लगवाने का आश्वासन दिया।अधिकारियों ने बताया कि जनपद की सभी नहरों में सिल्ट सफाई का कार्य चल रहा है। कहीं-कहीं पानी भरा होने के कारण सफाई में बाधा आ रही है। अनुमान है कि 30 नवंबर तक सफाई कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद दिसंबर के प्रथम सप्ताह में रोस्टर के अनुसार नहरों में पानी छोड़ा जाएगा, जिससे किसान अपनी फसलों की सिंचाई कर सकेंगे।read more:https://pahaltoday.com/protest-by-the-all-gondwana-students-association-and-the-gond-community/बैठक में बताया गया कि वर्तमान में अधिकांश नलकूप सुचारू रूप से संचालित हैं। हालांकि पांच नलकूप यांत्रिक खराबी और 10 नलकूप विद्युत दोष के कारण बंद हैं। अध्यक्ष ने सभी खराब नलकूपों को एक सप्ताह के भीतर ठीक कराकर चालू कराने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि किसानों को डायरेक्ट लाइन से 10 घंटे, ग्रामीण लाइन से 18 घंटे तथा शहरी क्षेत्र से जुड़े नलकूपों को 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की जा रही है। बैठक में यह भी बताया गया कि वर्ष 2012 से सिंचाई व्यवस्था निशुल्क होने के कारण सिंचाई शुल्क से संबंधित कोई समस्या नहीं है। वर्तमान में बाढ़, सूखा, कृषि और लघु सिंचाई से जुड़ी भी कोई विशेष समस्या सामने नहीं आई है। इस अवसर पर अधिशासी अभियंता नलकूप खंड प्रथम नीरज कुमार गुप्ता, अधिशासी अभियंता सिंचाई खंड मुरादाबाद आरपी सिंह, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड मुरादाबाद अंबरीश कुमार, अधिशासी अभियंता नलकूप खंड मुरादाबाद श्रद्धा भट्ट, सहायक अभियंता अफजलगढ़ सिंचाई खंड मलखान सिंह, विनोद कुमार सागर, बाढ़ खंड मुरादाबाद की कौशल रानी, अपर जिला कृषि अधिकारी अमित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *