शक्तिनगर, सोनभद्र। एनसीएल खड़िया माइंस परिसर में डीजल चोरी के मामले का पुलिस और एनसीएल सुरक्षा टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर खुलासा किया है। पुलिस ने मौके से एक आरोपी को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से करीब 50 लीटर चोरी का डीजल, नौ खाली जरीकेन, डीजल निकालने में प्रयुक्त पाइप और एक बोलेरो वाहन बरामद किया है। मामले में एनसीएल के कुछ सुरक्षाकर्मियों की कथित मिलीभगत की आशंका भी सामने आई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध विरोधी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) मेविस टॉक एवं क्षेत्राधिकारी पिपरी हर्ष पाण्डेय के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। 10 नवंबर की रात करीब 10ः30 बजे एनसीएल खड़िया माइंस परिसर से अमरजीत विश्वकर्मा उर्फ मंटू (35) पुत्र शिवराज विश्वकर्मा निवासी ग्राम परासी, थाना अनपरा को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शक्तिनगर थाने में मुकदमा दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध वर्ष 2020 और 2025 में भी शक्तिनगर थाने में मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। पुलिस अब डीजल चोरी के इस मामले में अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका खंगाल रही है। खासकर सुरक्षा व्यवस्था में तैनात कर्मियों की कथित भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है। कार्रवाई करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक सत्येंद्र कुमार राय, उपनिरीक्षक सदाशिव राय और कांस्टेबल अमृत लाल शामिल रहे।