स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही का खामियाजा जान देकर चुका रहे मरीज

Share

सोनभद्र। जनपद में निजी अस्पतालों की बढ़ती संख्या के बीच मरीजों के इलाज की गुणवत्ता और स्वास्थ्य विभाग की निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला मुख्यालय के प्रमुख शहर सोनभद्र नगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में संचालित कई निजी अस्पतालों में मानकों के अनुपालन, योग्य चिकित्सकों की उपलब्धता और प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि कुछ अस्पतालों में पर्याप्त चिकित्सकीय योग्यता और संसाधनों के अभाव के बावजूद मरीजों का उपचार ही नहीं, बल्कि गंभीर बीमारियों से जुड़े ऑपरेशन तक किए जा रहे हैं। इसके बावजूद स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई निरीक्षण और नोटिस जारी करने तक सीमित नजर आ रही है।हाल के दिनों में नगर के रामा हॉस्पिटल में एक महिला तथा नेशनल हॉस्पिटल में एक मासूम बच्ची की मौत की घटनाओं ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को फिर कठघरे में खड़ा कर दिया है। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों ने चिकित्सकीय लापरवाही के आरोप लगाते हुए विरोध जताया था। नेशनल हॉस्पिटल में मासूम की मौत के मामले में हुई जांच में चिकित्सकीय लापरवाही भी उजागर हुई थी।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/ इसके बावजूद सवाल यह है कि ऐसी घटनाओं के बाद स्वास्थ्य विभाग ने निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली सुधारने के लिए कितनी प्रभावी कार्रवाई की और अन्य अस्पतालों की जांच के लिए क्या कदम उठाए गए। स्थानीय लोगों का आरोप है कि जनपद में कई निजी अस्पताल कथित तौर पर चिकित्सकों की डिग्री और पंजीकरण के नाम पर संचालित हो रहे हैं। अस्पतालों के अभिलेखों में जिन चिकित्सकों के नाम दर्ज हैं, उनकी वास्तविक उपलब्धता और नियमित सेवाओं को लेकर भी जांच की जरूरत है। यदि शासन स्तर से पंजीकृत निजी अस्पतालों की गोपनीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए तो कई चैंकाने वाले तथ्य सामने आ सकते हैं। विशेष रूप से अस्पतालों में तैनात चिकित्सकों की शैक्षिक योग्यता, उनकी वास्तविक उपस्थिति, ऑपरेशन करने की पात्रता, प्रशिक्षित कर्मचारियों की उपलब्धता और आवश्यक चिकित्सा संसाधनों की पड़ताल जरूरी है। विडंबना यह है कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी समय-समय पर अस्पतालों का निरीक्षण कर मानकों के विपरीत संचालित संस्थानों पर कार्रवाई का दावा करते हैं, लेकिन लगातार सामने आ रही शिकायतें निगरानी व्यवस्था की प्रभावशीलता पर सवाल खड़े कर रही हैं। उधर इस बावत नोडल अधिकारी को फोन कर वार्ता की गई तो उन्होंने कन्नी काटते हुए कहा कि हम इलाहाबाद के लिए निकल रहा हु। वापस आने के बाद देखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *