नवरात्र पर सुरक्षा व्यवस्था परखने सड़क पर उतरे डीएम-एसपी, नंदगंज में किया रूट मार्च

Share
गाजीपुर। शारदीय नवरात्र पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला और पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने रविवार को नंदगंज थाना क्षेत्र में भारी पुलिस बल के साथ पैदल गश्त कर रूट मार्च किया। इस दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्कता एवं मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए।रूट मार्च की शुरुआत नंदगंज कस्बे के शादियाबाद मोड़ से हुई। इसके बाद अधिकारियों ने मुख्य बाजारों, प्रमुख चौराहों, संवेदनशील स्थलों और पूजा पंडालों की ओर जाने वाले मार्गों का भ्रमण किया। रूट मार्च रेलवे स्टेशन नंदगंज के सामने पहुंचकर संपन्न हुआ। इस दौरान त्योहार के मद्देनजर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया गया।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने भीड़भाड़ वाले स्थानों, प्रमुख मंदिरों और चौराहों पर तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने पुलिसकर्मियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा उपद्रवी और अराजक तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।अधिकारियों ने कहा कि नवरात्र के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, बाजारों में शांति और सार्वजनिक स्थानों पर कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है। त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल को सजग और सक्रिय रहने को कहा गया।इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आमजन से नवरात्र पर्व को आपसी सद्भाव, शांति और भाईचारे के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने का अनुरोध किया, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।रूट मार्च के दौरान उपजिलाधिकारी सैदपुर और थानाध्यक्ष अतुल मिश्रा नंदगंज सहित पुलिस बल के जवान मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *