भदोही। वाराणसी खंड स्नातक एवं खंड शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में डीएम शैलेष कुमार की अध्यक्षता में पीठासीन अधिकारियों एवं मतदान अधिकारियों का प्रथम प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया, मतदान संबंधी नियमों, अधिकारियों के दायित्वों तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी उदाहरणों सहित दी गई। डीएम ने कहा कि विधान परिषद के स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी अधिकारी एवं मतदान कार्मिक पूरी निष्ठा, ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। उन्होंने कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में ही किसी अधिकारी की कार्यक्षमता का वास्तविक आकलन होता है। इसलिए सभी टीम भावना और आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/निर्वाचन कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीएम ने बताया कि जनपद में 23 अक्टूबर को प्रातः 8 से सायं 4 बजे तक मतदान होगा। जिले में स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 15 और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 5 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। स्नातक निर्वाचन के मतदान स्थल खंड विकास अधिकारी कार्यालय अभोली, सुरियावां, भदोही, औराई एवं डीघ, नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज तथा तहसील कार्यालय ज्ञानपुर है। शिक्षक निर्वाचन के मतदान स्थल खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुरियावां, भदोही, औराई एवं डीघ तथा नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज है। डीएम ने सभी मतदान स्थलों पर समय से व्यवस्थाएं पूर्ण करने और मतदेय स्थलों पर इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लेकर प्रवेश न करने देने के निर्देशों का कड़ाई से पालन कराने को कहा। निर्वाचन तैयारियों के क्रम में संबंधित कार्मिकों को द्वितीय प्रशिक्षण 17 अक्टूबर को दिया जाएगा।इस मौके पर सीडीओ बालगोविंद शुक्ल, बीएसए शिवम पांडेय, सहायक निर्वाचन अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं मतदान कार्मिक उपस्थित रहे।