मुरादाबाद। मुरादाबाद के डिलारी थाना क्षेत्र में मेले से एक युवती को अगवा किए जाने और करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किए जाने का गंभीर आरोप सामने आया है। गांव के ही दो युवकों पंकज और योगेश पर लगे इन आरोपों के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि गांव में मेला लगा हुआ था और युवती अपने भाई के साथ मेला देखने पहुंची थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों युवक वहां पहुंचे और युवती को बाइक पर बैठाकर अपने साथ ले गए। भाई के साथ घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने युवती की तलाश शुरू कर दी। परिजनों का आरोप है कि युवती को करीब 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया और उसके साथ कई बार दुष्कर्म किया गया।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/आरोप है कि बाद में युवती को उसके घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर छोड़ दिया गया, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घर पहुंची युवती ने परिजनों को जब पूरी घटना बताई तो परिवार में हड़कंप मच गया। परिजनों का आरोप है कि इसके बाद गांव में ही पंचायत कराकर मामले को दबाने और समझौता कराने का दबाव बनाया गया। करीब 12 घंटे तक चले कथित दबाव के बाद परिवार बुधवार सुबह डिलारी थाने पहुंचा और पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म, एससी-एसटी एक्ट और धमकी समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। वहीं एसपी देहात कुंवर आकाश सिंह का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश के साथ घटना से जुड़े तमाम पहलुओं की जांच में जुटी है।