‘स्वच्छता ही सेवा’: स्योहारा पालिका और सहसपुर नगर पंचायत में लगा स्वास्थ्य शिविर, 133 कर्मियों की हुई जांच

Share
स्योहारा (बिजनौर)।शासन के निर्देशानुसार संचालित ‘स्वच्छता ही सेवा’ (एसएचएस-2026) अभियान के तहत बुधवार को नगर पंचायत कार्यालय सहसपुर एवं नगर पालिका परिषद स्योहारा में विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविरों का आयोजन किया गया। सीएचसी स्योहारा के अधीक्षक डॉ. बी. के. स्नेही के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने सफाई मित्रों, कर्मचारियों एवं अधिकारियों के स्वास्थ्य की गहन जांच की और आवश्यकतानुसार निशुल्क दवाएं वितरित कीं। दोनों निकायों में कुल मिलाकर 133 कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया।
सहसपुर में 73 कर्मचारियों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
नगर पंचायत कार्यालय सहसपुर में शिविर का आयोजन चेयरमैन नाहिद परवीन एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) दीपक कुमार की अध्यक्षता में हुआ। चिकित्सकों की टीम ने यहां सफाई कर्मचारियों और कार्यालय स्टाफ के रक्तचाप, मधुमेह, नेत्र व सामान्य स्वास्थ्य की जांच की। इस दौरान 73 कर्मचारियों का परीक्षण कर उन्हें जरूरी चिकित्सीय परामर्श एवं दवाएं दी गईं।read more:https://pahaltoday.com/demand-to-remove-government-country-liquor-shop-villagers-stage-protest-at-the-collectorate/#google_vignette
स्योहारा पालिका में शेष 60 कर्मचारियों की हुई जांच
वहीं दूसरी ओर, पूर्व में छूटे कर्मचारियों के लिए नगर पालिका परिषद स्योहारा कार्यालय में भी स्वास्थ्य कैंप लगाया गया। पालिका अध्यक्ष फैसल वारसी और अधिशासी अधिकारी विजेंद्र सिंह पाल की मौजूदगी में चिकित्सकों ने 60 कर्मचारियों का परीक्षण किया।
‘सफाई मित्रों की सेहत का ध्यान रखना प्राथमिकता’
इस अवसर पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. बी. के. स्नेही ने कहा कि स्वच्छता प्रहरी समाज को स्वस्थ और स्वच्छ वातावरण देने के लिए दिन-रात मेहनत करते हैं। विपरीत परिस्थितियों में कार्य करने के कारण उनके स्वास्थ्य की नियमित देखभाल और जांच बेहद जरूरी है। शिविर में कर्मचारियों को कार्य के दौरान सुरक्षा उपकरण (मास्क, ग्लव्स आदि) का अनिवार्य प्रयोग करने और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
स्वास्थ्य जांच टीम में सीएचसी स्योहारा से डॉ. अनमोल अरोरा, डॉ. अभिजीत भारद्वाज, डॉ. राकेश कुमार, डॉ. शाहिद, डॉ. तृप्ति, आईओ वीर सिंह, फार्मासिस्ट हरीश कुमार व देवेंद्र कुमार, सुनील कुमार, लैब टेक्नीशियन (एलटी) देवेंद्र कुमार, सुमित कुमार, नेत्र परीक्षण अधिकारी उमेश कुमार और सजौद्दीन शामिल रहे। इस दौरान निकाय प्रशासन से सलमान बाबू, देवेंद्र बाबू, शान बाबू सहित अन्य कर्मचारी और सफाई मित्र उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *