भदोही। ज्ञान, बुद्धि, समृद्धि और सौभाग्य के देवता भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाएं कालीन नगरी भदोही के पूजा पंडालों, घरों तथा शिक्षण संस्थानों में सोमवार को गणेश चतुर्थी के दिन स्थापित की गईं। प्रतिमा स्थापना के साथ ही नगर में 10 दिन तक चलने वाले गणेश महोत्सव की शुरुआत हो गई है। भाद्रपद माह के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि बेहद महत्वपूर्ण मानी गई है, जो भगवान श्रीगणेश को समर्पित है। सनातन धर्म शास्त्रों के अनुसार इसी तिथि पर गणपति बप्पा का जन्म हुआ था। सोमवार को शुभ मुहूर्त में नगर के रामजानकी मंदिर, मेन रोड यूको बैंक के सामने, हुलासपुर, रामरायपुर व पिपरी के पूजा पंडालों और घरों में श्रद्धालुओं ने विधि-विधान के साथ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा की स्थापना कर पूजा-अर्चना की।read more:https://pahaltoday.com/villagers-upset-over-garbage-dumping-staged-a-protest-at-the-district-collectorate/इसके साथ ही अन्य पूजा पंडालों में 19 सितंबर तक भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी। आज से अगले 10 दिनों तक नगर के पंडालों में गणेश महोत्सव की धूम रहेगी। विघ्नहर्ता के दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहेगा और शाम के समय पंडालों में भारी भीड़ उमड़ेगी। इस दौरान श्रीगणेश पूजा महासमिति के अध्यक्ष एवं सभासद अरविंद मौर्य ने बताया कि नगर के अंदर कुल 51 पूजा पंडालों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित की जाती है। आज चतुर्थी के दिन पांच पूजा पंडालों में भगवान श्रीगणेश की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि 19 सितंबर तक नगर के सभी पूजा पंडालों में प्रतिमा स्थापित कर दी जाएगी और विधिवत पूजा अर्चना शुरू हो जाएगा। श्री मौर्य ने बताया कि 25 सितंबर को नगर में सभी प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होंगे। डीजे की धुन पर नाचते-गाते श्रद्धालु भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं को लेकर औराई के ऊगापुर पहुंचेंगे, जहां नहर में प्रतिमाओं का विसर्जन किया जाएगा।