प्रभारी मंत्री ने बाढ़ तैयारियों की वर्चुअल समीक्षा, अधिकारियों को दिए फुलप्रूफ व्यवस्था के निर्देश

Share

बहराइच। संभावित बाढ़ के मद्देनजर राहत एवं बचाव कार्यों की तैयारियों की समीक्षा के लिए राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) एवं जनपद प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने जिले की सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों और पुलिस क्षेत्राधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की। एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से हुई बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी रही।प्रभारी मंत्री ने विशेष रूप से बाढ़ प्रभावित तहसीलों के एसडीएम और सीओ से राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर की गई तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिया कि संभावित बाढ़ के दौरान ऐसी फुलप्रूफ व्यवस्था हो, जिससे जनहानि और संपत्ति के नुकसान को न्यूनतम किया जा सके। उन्होंने ग्रामीणों को समय रहते जागरूक करने तथा आपदा की स्थिति में शासन की चेतावनियों और सुझावों का पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने के लिए प्रेरित करने को कहा।read more:https://pahaltoday.com/cmo-saved-the-lives-of-passengers-injured-in-a-road-accident/
बाढ़ चौकियों को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश
प्रभारी मंत्री ने तहसील प्रशासन को ग्राम प्रधानों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और प्रभावशाली लोगों के मोबाइल नंबरों की सूची तैयार रखने तथा व्हाट्सऐप ग्रुप बनाने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान हो सके। प्रभावित लोगों को शासन की गाइडलाइन के अनुसार तत्काल राहत उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।उन्होंने राहत एवं आपदा से जुड़े विभागों को बेहतर समन्वय के साथ नाव, मोटरबोट, राहत सामग्री, चिकित्सा सुविधाएं, पेयजल और खाद्यान्न समेत सभी जरूरी संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में मवेशियों के लिए भूसा, चारा और पानी की भी पर्याप्त व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए।प्रभारी मंत्री ने बाढ़ राहत केंद्रों और चौकियों को हाई अलर्ट पर रखने तथा वहां प्रकाश, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं के पर्याप्त इंतजाम करने को कहा। उन्होंने राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी जनप्रतिनिधियों को देने और आवश्यकता पड़ने पर उनका सहयोग लेने के निर्देश दिए।कानून-व्यवस्था को लेकर पुलिस क्षेत्राधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण करने तथा छोटी से छोटी शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराने को कहा गया। विशेष रूप से भूमि विवादों में सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी एसडीएम को तहसील स्तर पर लंबित वादों का गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड़, एमएलसी पदमसेन चौधरी, विधायक सुभाष त्रिपाठी, राम निवास वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी अमित कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *