प्रभारी मंत्री ने कलेक्ट्रेट में विकास योजनाओं की समीक्षा, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

Share

बहराइच। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग तथा जनपद के प्रभारी मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों की विकास योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति का जायजा लिया। बैठक में जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में विभागवार समीक्षा की गई।प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बेहतर समन्वय बनाकर पूर्ण हो चुकी योजनाओं का शिलान्यास सांसद, एमएलसी, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधियों से कराने तथा विभागीय योजनाओं की प्रगति एवं उपलब्धियों की जानकारी उन्हें नियमित रूप से देने के निर्देश दिए।उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में कार्य पूरा कराने पर जोर दिया। विद्युत विभाग को रोस्टर के अनुसार ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, जर्जर तारों और खराब ट्रांसफार्मरों को समय से बदलने तथा आमजन के फोन अटेंड करने के निर्देश दिए।read more:https://pahaltoday.com/woman-posing-as-a-bride-flees-after-administering-a-sedative-remains-at-large-even-after-a-month-and-a-half/

*उर्वरक वितरण में गड़बड़ी मिली तो होगी कड़ी कार्रवाई*

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान प्रभारी मंत्री ने किसानों को निर्धारित मूल्य पर सुगमता से उर्वरक उपलब्ध कराने और उर्वरक बिक्री केंद्रों की नियमित जांच के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि उर्वरक वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए। उर्वरक की उपलब्धता और वितरण की जानकारी जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध कराने तथा केंद्र सरकार द्वारा दी जा रही उर्वरक सब्सिडी का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।बैठक में स्वास्थ्य, लोक निर्माण, पशुपालन, उद्यान, आवासीय योजनाओं, पेंशन और छात्रवृत्ति समेत विभिन्न योजनाओं की भी समीक्षा की गई। प्रभारी मंत्री ने जनसमस्याओं से जुड़े प्रार्थना पत्रों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर उन्होंने नाव और नाविकों का पूर्व चिन्हांकन कर सूची तैयार करने तथा इसकी जानकारी संबंधित जनप्रतिनिधियों को देने को कहा, ताकि आपात स्थिति में राहत एवं बचाव कार्य तेजी से शुरू किया जा सके। मक्का खरीद की समीक्षा करते हुए उन्होंने किसानों के हित में खरीद व्यवस्था मजबूत करने और पिछले वर्ष की तुलना में खरीद का लक्ष्य बढ़ाने के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।बैठक में सांसद डॉ. आनंद कुमार गोंड़, एमएलसी डॉ. प्रज्ञा त्रिपाठी एवं पदमसेन चौधरी, विधायक सुभाष त्रिपाठी, सुरेश्वर सिंह, राम निवास वर्मा, सरोज सोनकर, भाजपा जिलाध्यक्ष बृजेश पाण्डेय, जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता समेत जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *