बहराइच ( कैसरगंज )। थाना कैसरगंज परिसर में शनिवार को आयोजित थाना दिवस में उस समय फरियादियों में उम्मीद जगी, जब पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव स्वयं पहुंचकर आमजन की समस्याओं को गंभीरता से सुना। एसपी ने एक-एक फरियादी से उनकी शिकायतों की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।थाना दिवस में जमीन विवाद, आपसी झगड़े, रास्ते, कब्जे, राजस्व एवं पुलिस से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे। एसपी ने स्पष्ट कहा कि शिकायतों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रखा जाए, बल्कि मौके पर जाकर वास्तविक स्थिति की जांच कर निष्पक्ष समाधान किया जाए।उन्होंने सख्त लहजे में निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। संबंधित अधिकारी शिकायतकर्ता से संपर्क बनाए रखें और आवश्यकतानुसार पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर भेजकर विवादों का समाधान कराएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि शिकायतों का निस्तारण तय समय-सीमा के भीतर हो, ताकि जनता को बार-बार चक्कर न लगाने पड़ें।read more:https://pahaltoday.com/mobile-court-visits-ballia-to-hear-grievances-of-persons-with-disabilities-state-commissioner-issues-strict-directives/एसपी ने पुलिस कर्मियों को जनता के प्रति शालीन, संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार अपनाने की हिदायत देते हुए कहा कि बेहतर संवाद और विश्वास ही कानून-व्यवस्था की मजबूत नींव है। हर फरियादी की बात धैर्यपूर्वक सुनकर उसकी समस्या का समाधान प्राथमिकता से किया जाए।भूमि व राजस्व से जुड़े मामलों को लेकर एसपी ने पुलिस और राजस्व विभाग को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी मामले में एकतरफा कार्रवाई से बचते हुए निष्पक्ष जांच के आधार पर ही निर्णय लिया जाए।एसपी ने यह भी कहा कि थाना दिवस में प्राप्त शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई की जानकारी दी जाए, जिससे आमजन का विश्वास प्रशासन पर और मजबूत हो।इस दौरान उप जिलाधिकारी कैसरगंज प्रशांत कुमार नायक, पुलिस क्षेत्राधिकारी डीके श्रीवास्तव, एसपी सिटी बहराइच, थाना अध्यक्ष राजकुमार पांडेय सहित राजस्व एवं पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। थाना दिवस में एसपी की मौजूदगी और सख्त निर्देशों से स्पष्ट संदेश गया कि शिकायतों का समाधान प्राथमिकता और तय समय-सीमा में किया जाएगा।