शीशटोला जंगल लूटकांड में शामिल बदमाशों से पुलिस की हुई मुठभेड़

Share

 

सोनभद्र। बभनी थाना क्षेत्र के शीशटोला जंगल में सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना में शामिल दो बदमाशों को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। पुलिस की गोली से घायल एक आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने अवैध तमंचा, कारतूस, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और 12,200 नकद बरामद करने का दावा किया है। मामले में फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।पुलिस के अनुसार, गत 18 जुलाई को चपकी निवासी सर्राफा व्यापारी कुलधीर कुमार रघुनाथनगर (छत्तीसगढ़) के साप्ताहिक बाजार से आभूषण बेचकर लौट रहे थे। शाम करीब 6ः30 बजे शीशटोला जंगल में बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल रोककर चाकू के बल पर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 40 हजार नकदी से भरा बैग लूट लिया था। इस मामले में थाना बभनी पर मुकदमा दर्ज कर पुलिस जांच कर रही थी।पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने शनिवार तड़के करीब 3ः27 बजे मुखबिर की सूचना पर शीशटोला जंगल में घेराबंदी की। पुलिस को देखकर बाइक सवार दो संदिग्ध भागने लगे। पीछा करने पर उनकी बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई। इसके बाद बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में रमेश साकेत (34) निवासी कनई थाना बरगवां जिला सिंगरौली (मध्य प्रदेश) के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उसका साथी मनोज साकेत (30) निवासी बड़ोखर थाना बरगवां, जिला सिंगरौली को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपियों ने सर्राफा व्यापारी से लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस के अनुसार घटना की रेकी मनोज साकेत ने की थी और लूट की रकम चार आरोपियों में बांटी गई थी। गिरफ्तार आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर फरार दो अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध 315 बोर तमंचा, एक जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस, घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल तथा 12,200 नकद बरामद किया है। दोनों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व में भी मध्य प्रदेश के विभिन्न थानों में लूट, हत्या, आर्म्स एक्ट, आबकारी एवं अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।readmore:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/…………….

ओबरा पुलिस ने तीन घंटे में खोज निकाला लापता छात्र
दो दिन से घर नहीं पहुंचा था 14 वर्षीय बालक, सकुशल मिलने पर परिजनों ने जताया आभार ओबरा, सोनभद्र। ओबरा पुलिस ने तत्परता और तकनीकी संसाधनों का उपयोग करते हुए दो दिन से लापता 14 वर्षीय छात्र को सूचना मिलने के मात्र तीन घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया। बेटे के सुरक्षित मिलने पर परिवार ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।पुलिस के अनुसार, शनिवार को कृष्णानंद दूबे निवासी ग्राम कुलडोमरी, थाना अनपरा ने सूचना दी कि उनका 14 वर्षीय पुत्र विनीत कुमार, जो मीरजापुर जनपद के चुनार स्थित श्रीमती भागीरथी ट्रस्ट आदर्श विद्यालय में कक्षा नौ का छात्र है। 24 जुलाई को विद्यालय से घर के लिए निकला था, लेकिन घर नहीं पहुंचा। सूचना मिलते ही थाना ओबरा पुलिस सक्रिय हो गई। पुलिस टीम ने संभावित मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा स्थानीय लोगों की मदद से सघन खोज अभियान चलाया। इसके परिणामस्वरूप महज तीन घंटे के भीतर छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया। पूछताछ में छात्र ने बताया कि रास्ता भटक जाने के कारण वह रात में एक मंदिर के पुजारी के यहां रुक गया था। आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने छात्र को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *