गंगोह। श्मशान घाट मार्ग पर नगर पालिका द्वारा लगातार कूड़ा डाले जाने के विरोध में सोमवार को स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन किया। क्रांति गो रक्षक दल के बैनर तले बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों ने नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अधिकारियों के मौके पर पहुंचकर समस्या समाधान का आश्वासन दिए जाने के बाद प्रदर्शन समाप्त कर दिया गया। क्रांति गो रक्षक दल के ब्लॉक अध्यक्ष हिमांशु सैनी ने बताया कि लगभग 15 दिन पहले नगर पालिका के ईओघ् को ज्ञापन सौंपकर श्मशान घाट मार्ग पर कूड़ा डालना बंद करने की मांग की गई थी। इसके बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। आरोप है कि प्रतिदिन कूड़ा डाले जाने से मार्ग पर गंदगी और दुर्गंध रहती है, जिससे अंतिम यात्रा में शामिल होने वाले लोगों और स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानी होती है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि यह धार्मिक आस्था से जुड़ा मार्ग है और यहां कूड़ा डाला जाना लोगों की भावनाओं को ठेस पहुंचा रहा है। सोमवार सुबह जब नगर पालिका के कर्मचारी कई ठेलों में कूड़ा लेकर मौके पर पहुंचे, तो स्थानीय लोगों ने उन्हें रोक दिया। सूचना मिलने पर नगर पालिका के जलकल प्रभारी कासिफ कुददूसी, एसएफआई राजीव मलिक और शारिक फरीदी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत की और भरोसा दिलाया कि भविष्य में श्मशान घाट मार्ग पर कूड़ा नहीं डाला जाएगा।read more:https://khabarentertainment.in/prof-dr-rajendra-rajput-receives-guru-shree-2026-award-at-national-level-brings-honour-to-ghazipur/उन्होंने वैकल्पिक व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया। इस आश्वासन के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि दोबारा इस मार्ग पर कूड़ा डाला गया, तो नगर पालिका के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। धरना-प्रदर्शन में विनय सैनी, शिवांश सैनी, सचिन सैनी, जॉनी सैनी सहित क्रांति गो रक्षक दल के कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।