सोनभद्र। संचारी रोग नियंत्रण अभियान के तहत रविवार को जिलेभर में विशेष स्वच्छता एवं जनजागरूकता अभियान चलाया गया। जिलाधिकारी के निर्देश पर उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुसार साफ-सफाई कराई गई। अभियान में सफाईकर्मी, पंचायत सहायक, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ ग्राम प्रधानों ने सक्रिय भागीदारी निभाई तथा ग्रामीणों को संचारी एवं संक्रामक रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी।read more:https://pahaltoday.com/khalsa-srcc-and-ramjas-college-win-in-pspb-baba-deep-singh-basketball/
अभियान के दौरान 63 गांवों में नालियों की सफाई कराई गई, जबकि 117 स्थानों पर झाड़ियों की कटाई कर मच्छरों के पनपने वाले स्थलों को समाप्त किया गया। पेयजल व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 71 हैंडपंपों की मरम्मत तथा 26 हैंडपंपों के चबूतरों का निर्माण एवं मरम्मत कराया गया। वहीं 22 शौचालयों का निर्माण भी कराया गया। नगर पंचायत क्षेत्रों में 45 स्थानों पर नालियों की सफाई कराई गई तथा पांच वार्डों में फॉगिंग कर मच्छरजनित रोगों की रोकथाम के प्रयास किए गए। इसके अलावा पशुपालकों को पशुओं में फैलने वाले संचारी रोगों की रोकथाम और स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। चूहा नियंत्रण को लेकर जिलेभर में 30 जागरूकता बैठकें भी आयोजित की गईं। प्रशासन ने लोगों से अपने घरों और आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, जलभराव न होने देने तथा संचारी रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि जनसहभागिता से ही संचारी रोगों पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।