जनपद के थाना कंधरापुर क्षेत्र स्थित भवरनाथ चौराहा और सेहदा अंडरपास के पास पुलिस ने अवैध रूप से संचालित वाहन स्टैंडों तथा बिना वैध परमिट सवारी ढोने वाले वाहनों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया। इस कार्रवाई से अवैध वाहन संचालन करने वालों में हड़कंप मच गया।पुलिस को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि भवरनाथ चौराहा एवं सेहदा अंडरपास के आसपास कई चारपहिया वाहन बिना वैध परमिट और आवश्यक दस्तावेजों के यात्रियों का परिवहन कर रहे हैं। इसके अलावा पुल और अंडरपास के नीचे अनधिकृत रूप से वाहन खड़े कर अवैध वाहन स्टैंड संचालित किए जा रहे थे, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी और आम नागरिकों को आने जाने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।read more:https://pahaltoday.com/the-person-who-complained-about-the-kidney-issue-is-now-being-investigated-for-cyber-fraud/सूचना के आधार पर थाना कंधरापुर पुलिस ने विशेष अभियान चलाकर क्षेत्र में सघन जांच की। जांच के दौरान कई वाहन चालक आवश्यक कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने पाया कि कुछ वाहन व्यावसायिक रूप से यात्रियों को ढो रहे थे, जबकि उनके पास निर्धारित परमिट और अन्य जरूरी दस्तावेज उपलब्ध नहीं थे।पुलिस अधिकारियों के अनुसार अवैध वाहन स्टैंडों पर सवारी बैठाने और यात्रियों को लेकर वाहन चालकों के बीच अक्सर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती थी। कई बार गाली गलौज, मारपीट और यात्रियों से कहासुनी की घटनाएं भी सामने आई थीं। इससे क्षेत्र की कानून व्यवस्था और यातायात व्यवस्था दोनों प्रभावित हो रही थीं।अभियान के दौरान पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत 21 चारपहिया वाहनों को सीज कर दिया। साथ ही शांति व्यवस्था भंग होने की आशंका को देखते हुए 20 व्यक्तियों के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की संबंधित धाराओं के तहत निरोधात्मक कार्रवाई की गई।पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध वाहन संचालन, बिना परमिट सवारी ढुलाई तथा अवैध वाहन स्टैंडों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैध दस्तावेजों और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए ही वाहन संचालन करें। साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर अवैध रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने से बचें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।