गाजीपुर जमानियां। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को हिंदू स्नातकोत्तर महाविद्यालय परिसर योगमय वातावरण में सराबोर रहा। 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य कार्यक्रम में विद्यार्थियों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योगाभ्यास किया तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने का संकल्प लिया।कार्यक्रम का संचालन योग गुरु उदय सिंह के कुशल निर्देशन में संपन्न हुआ। उन्होंने योग के आध्यात्मिक, मानसिक एवं शारीरिक महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को निरोग, संतुलित और सकारात्मक जीवन जीने की प्रेरणा देती है। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कराया।योग सत्र के दौरान नाड़ी शोधन प्राणायाम, सेतुबंधासन, शलभासन, भुजंगासन सहित अनेक महत्वपूर्ण आसनों का अभ्यास कराया गया। योग गुरु ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है, मानसिक तनाव कम होता है तथा व्यक्ति स्वस्थ और ऊर्जावान बना रहता है।read more:https://pahaltoday.com/voluntary-childlessness-the-need-of-the-hour/कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पालिका परिषद अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि योग आज विश्व स्तर पर भारत की पहचान बन चुका है और प्रत्येक व्यक्ति को अपने दैनिक जीवन में योग को शामिल करना चाहिए। महाविद्यालय के प्राचार्य श्रीनिवास सिंह ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए योग को स्वस्थ समाज की आधारशिला बताया।इस अवसर पर डॉ. मदन गोपाल सिंह, डॉ. विजय श्याम पांडेय, संतोष पांडेय, आचार्य राजीव सिंह, अरुण तारकेश्वर वर्मा सहित महाविद्यालय के एनएसएस एवं एनसीसी कैडेट्स, स्काउट-गाइड के सदस्य, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के सफल आयोजन में महाविद्यालय प्रशासन एवं योग गुरु उदय सिंह की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अंत में उपस्थित सभी लोगों ने नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का संकल्प लिया।