मोहर्रम सच्चाई, त्याग और बलिदान का प्रतीक: गरिमा पंत

Share

बाराबंकी। मसौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़ागांव में बुधवार को मोहर्रम पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत और प्रभारी निरीक्षक मसौली अजय प्रकाश त्रिपाठी ने क्षेत्र के ताजियेदारों, गणमान्य नागरिकों और ग्राम प्रतिनिधियों से संवाद कर शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की। बैठक के बाद पुलिस अधिकारियों ने गांव के विभिन्न मोहल्लों और जुलूस मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा भी लिया। पीस कमेटी की बैठक को संबोधित करते हुए क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत ने कहा कि मोहर्रम केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सच्चाई, त्याग और ईमानदारी का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने कहा कि हजरत इमाम हुसैन ने सत्य और न्याय की रक्षा के लिए अपना सर्वाेच्च बलिदान दिया था। उनके जीवन से प्रेरणा लेते हुए सभी लोगों को मोहर्रम के अवसर पर आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने लोगों से अपील की कि मोहर्रम के दौरान निकलने वाले अलम और ताजिया जुलूस पूर्व निर्धारित मार्गों से ही निकाले जाएं तथा किसी भी नई परंपरा की शुरुआत न की जाए।read more:https://pahaltoday.com/the-strait-of-hormuz-will-not-be-opened-by-agreement-alone-removing-marine-mines-will-take-time/ उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्रशासन और जनता दोनों की साझा जिम्मेदारी है। प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने ताजियेदारों और आयोजकों को संबोधित करते हुए कहा कि मोहर्रम के दौरान वितरित की जाने वाली खाद्य सामग्री को व्यवस्थित ढंग से बांटा जाए। उन्होंने विशेष रूप से कहा कि नॉनवेज पुलाव, बिरयानी अथवा अन्य खाद्य सामग्री का वितरण किसी छत या ऊंचे स्थान से फेंककर न किया जाए। जहां तक संभव हो लोगों को बैठाकर या कतारबद्ध तरीके से भोजन वितरित किया जाए, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि मोहर्रम के दौरान यदि कोई व्यक्ति शांति व्यवस्था भंग करने, अफवाह फैलाने या माहौल खराब करने का प्रयास करेगा तो उसके खिलाफ कड़ी प्रशासनिक और कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ सामग्री साझा न करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की। बैठक में मौजूद ताजियेदारों, ग्राम प्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। उपस्थित लोगों ने कहा कि क्षेत्र में हर वर्ष की तरह इस बार भी मोहर्रम का पर्व शांति, सौहार्द और अनुशासन के साथ मनाया जाएगा। बैठक के उपरांत क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत और प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने मोहल्ला पूरब टोला, नालीपार कर्बला, मोहल्ला नई बस्ती सहित विभिन्न जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था, मार्गों की स्थिति और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बैठक में ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नूर मोहम्मद, चौधरी अब्दुल मतीन, इश्तियाक अहमद, वली मोहम्मद, मोहम्मद नसीर, वैश सलमानी, फकीर मोहम्मद अंसारी, इसराइल मलिक सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, ताजियेदार और ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *