भदोही। थाना औराई क्षेत्र अंतर्गत उगापुर के पास शुक्रवार की रात पिकअप की टक्कर से बाइक सवार एक व्यक्ति की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मचा रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।read more:https://pahaltoday.com/co-gave-instructions-for-action-against-anarchists-and-drug-addicts/
उक्त थाना क्षेत्र के उगापुर निवासी राजेंद्र प्रसाद सरोज (45 वर्ष) अपने भतीजे आकाश सरोज (22 वर्ष) के साथ बाइक से उगापुर बाजार दवा लेने जा रहे थे। पहलवान वीर बाबा स्थान के पास उगापुर से वेजवां की ओर जा रही चार पहिया मालवाहक पिकअप ने तेज व लापरवाही गति से बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि राजेंद्र प्रसाद सरोज की मौके पर ही मौत हो गई। भतीजे आकाश सरोज को चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। स्थानीय पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को शांत कराया। मृतक के पुत्र आशीष कुमार ने समधा नट बस्ती निवासी पिकअप चालक अख्तर उर्फ बोडा नट के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि चालक ने जानबूझकर सामने से बाइक में टक्कर मारी जिससे पिता की मौत हो गई और भाई आकाश का इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि समधा गांव में कुछ दिन पहले ही पशुओं सहित तस्कर गिरफ्तार हुए थे। पशु तस्कर इतने सक्रिय हैं कि वह किसी की भी जान ले सकते हैं। औराई थाना के प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।