समय के पाबंद नहीं चिकित्सक, घंटों इंतजार को मजबूर मरीज

Share
जमानियां। कस्बा बाजार स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में कार्यरत चिकित्सकों की लापरवाही के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। केंद्र खुलने का निर्धारित समय सुबह 8 बजे होने के बावजूद कई चिकित्सक समय से नहीं पहुंच रहे हैं, जिससे दूर-दराज से इलाज कराने आए मरीज घंटों इंतजार करने को मजबूर हो रहे हैं। गर्मी के मौसम में मरीजों की बढ़ती भीड़ और चिकित्सकों की देरी से स्थिति और गंभीर होती जा रही है।स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई चिकित्सक सुबह साढ़े आठ बजे के बाद ही केंद्र पर पहुंचते हैं, जबकि कुछ चिकित्सक लगभग 10 बजे तक अस्पताल आते हैं। चिकित्सकों के देर से पहुंचने के कारण मरीजों का उपचार समय पर शुरू नहीं हो पाता, जिससे कई मरीजों की हालत भी बिगड़ जाती है। शनिवार को भी ऐसा ही मामला देखने को मिला, जब आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ मनीषा सिंह सुबह 10 बजे के आसपास प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचीं। इस दौरान दो महिला मरीज करीब दो घंटे तक इंतजार करती रहीं।read more:https://pahaltoday.com/deputy-rmo-inspected-wheat-procurement-and-storage-arrangements-at-kaimganj-mandi/
व्यापार मंडल के जिला युवा उपाध्यक्ष मुन्ना गुप्ता ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कई चिकित्सक ट्रेन से आना-जाना करते हैं। जबकि उनके रहने के लिए सरकारी आवास उपलब्ध है, इसके बावजूद वह अस्पताल परिसर में नहीं रुकते। इसका सीधा असर मरीजों के इलाज पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सुबह 8 बजे से ही मरीज अस्पताल पहुंच जाते हैं, लेकिन चिकित्सकों के समय से न आने के कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि चिकित्सकों द्वारा निर्धारित समय का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है, लेकिन विभागीय अधिकारियों की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही। लोगों का कहना है कि यदि समय से चिकित्सक अस्पताल पहुंचें तो मरीजों को राहत मिल सकती है। क्षेत्रीय नागरिकों ने लापरवाह चिकित्सकों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की मांग करते हुए स्वास्थ्य विभाग से व्यवस्था सुधारने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *