बाराबंकी। विकासखंड दरियाबाद के शीतला माता मंदिर में 1 करोड़ 66 लाख रुपए की विकास परियोजना का शिलान्यास किया गया। यह परियोजना मंदिर में विश्रामालय शेड और प्रकाश व्यवस्था के लिए स्वीकृत की गई है। इस समारोह में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राज्यमंत्री सतीश शर्मा ने उपस्थित जनता को संबोधित करते हुए कहा कि बाराबंकी जनपद में कोई भी योजना दरियाबाद से होकर ही जाती है। उन्होंने बताया कि कल्याण मंडप बनने का कार्य सबसे पहले दरियाबाद विधानसभा में हुआ है। शर्मा ने दरियाबाद को पूरे उत्तर प्रदेश में नंबर एक की विधानसभा बनाने का लक्ष्य भी दोहराया। उन्होंने जोर दिया कि भाजपा सरकार केवल परियोजनाओं का शिलान्यास नहीं करती, बल्कि उन्हें पूरा कर उद्घाटन भी करती है। राज्यमंत्री ने इस अवसर पर विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पार्टी पर लोकतंत्र का गला घोंटने का आरोप लगाया, जबकि समाजवादी पार्टी पर निर्दाेष रामभक्तों पर गोली चलाकर कानून का गला घोंटने की बात कही। अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने महिलाओं के हित में महिला सशक्तिकरण का कानून लाने का प्रयास किया, लेकिन सपा और कांग्रेस ने इस बिल को लागू नहीं होने दिया।read more:https://pahaltoday.com/special-judge-held-a-meeting-for-the-success-of-national-lok-adalat/उन्होंने आरोप लगाया कि इन पार्टियों ने महिला आरक्षण का विरोध कर महिलाओं का अपमान किया है। शर्मा ने कहा कि माताएं और बहनें 2027 के चुनाव में उन्हें जवाब देंगी। इस अवसर पर दरियाबाद नगर पंचायत की ईओ शीलू अवस्थी, शीतला माता मंदिर समिति के अध्यक्ष सत्यम कुशमेश, भाजपा नेता दिलीप मिश्रा, संदीप त्रिपाठी, बाबा अनुज, लवलेश और अभय नाथ शुक्ला सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।